भारत और पाकिस्तान के बीच सीमित ओवरों की क्रिकेट सीरीज के लिए श्रीलंका में खेलने की आपसी सहमति बनने के बाद अब दोनों के बीच टेस्ट सीरीज के लिए कवायद शुरू हो गई है। अगर सब कुछ सही रहा तो भारत-पाक के बीच टेस्ट सीरीज अगले साल इंग्लैंड में खेली जा सकती है।
पिछले दिनों दुबई में बीसीसीआई प्रमुख शशांक मनोहर और पीसीबी प्रमुख शहरयार खान के बीच कुछ चीजों पर सहमति हुई है। हालांकि इस बारे में अभी औपचारिक घोषणा की जानी है। सूत्रों की मानें तो भारत-पाक के बीच सीरीज दो हिस्सों में खेली जाएगी। पहले श्रीलंका में वनडे और टी-20 सीरीज होगी फिर बाद में अगले साल इंग्लैंड में दोनों के बीच टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।
2017 में पाकिस्तान भारत का पूर्ण दौरा करेगा। लेकिन इससे पहले भारत दो चरणों में पाक से सीरीज खेलेगा। दोनों के बीच 2007 से एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला गया है। एक ओर जहां बीसीसीआई ने श्रीलंका में पाक के साथ वनडे और टी-20 सीरीज के लिए सरकार से अनुमति भी मांगी है। नहीं दूसरी ओर, ऐसी खबर है कि श्रीलंका में भारत और पाक के बीच अगले महीने खेली जाने वाली सीरीज के लिए पाकिस्तान की सरकार ने हरी झंडी दे दी है।
बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा है कि क्रिकेट बोर्ड ने भारत-पाकिस्तान की सीरीज के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। उनकी अनुमति मिलते ही इस बाबत फैसला किया जाएगा।