इसके बाद टीम इंडिया के चाइनामैन कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के दूसरे ओपनर फखर जमाम (31) को क्रीज से चलता किया। कुलदीप ने फखर जमान को एलबीडबल्यू आउट कर दूसरा झटका दिया। पाकिस्तान को तीसरा और सबसे बड़ा झटका रविंद्र जडेजा के पहले ओवर में लगा। जडेजा के 16वें ओवर में बाबर आजम (9) रन चुराने के चक्कर में युजवेंद्र चहल के हाथों रन आउट हो गए।
इसके बाद क्रीज पर कप्तान सरफराज अहमद का साथ देने उतरे शोएब मलिक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 107 रन की साझादारी की। लेकिन कुलदीप यादव के 8वें ओवर में सरफराज एक खराब शॉट खेलकर अपना कैच कप्तान रोहित शर्मा को थमा बैठे। सरफराज ने 66 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 44 रन की कीमती पारी खेली।
इसके बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने उतरे आसिफ अली ने अर्धशतक पूरा कर चुके शोएब मलिक का साथ देते हुए स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और 38 रन की साझेदारी की। लेकिन बुमराह की बाहर जाती गेंद पर बल्ला लगाने के चक्कर में वह विकेटकीपर धोनी को अपना कैच थमा बैठे। मलिक ने 90 गेंदों का सामना करते हुए चार चौकों और दो छक्कों की मदद से शानदार 78 रन की पारी खेली।
शोएब मलिक के बाद टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान की ढाल बनकर खड़े आसिफ अली भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। असिफ (30) को स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने क्लीन बोल्ड कर पाकिस्तान के छठे विकेट का पतन किया। आसिफ ने इस पारी में एक चौका और दो शानदार छक्के लगाए।
इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। वहीं पाकिस्तान ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। हैरिस सोहेल और उस्मान खान की जगह मोहम्मद आमिर और शादाब खान को टीम में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि एशिया कप में टीम इंडिया ने अपने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से धूल चटाई थी। ऐसे में पाकिस्तान पर टीम इंडिया को हराकर एशिया कप में वापसी करने का दबाव भी होगा। अब सुपर फोर में खेले जा रहे इस मुकाबले में दोनों टीमें फाइनल के लिए अपनी प्रबल दावेदारी को साबित करने मैदान पर उतरेगी। हालांकि गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी में अब तक पाकिस्तान बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं कर सका है।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप कप्तान), अंबाती रायडू, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा।
पाकिस्तान: सरफराज अहमद (कप्तान), आसिफ अली, बाबर आजम, फखर जमान, हसन अली, इमाम-उल-हक, मोहम्मद आमिर, शादाब खान, शोएब मलिक, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद नवाज।