फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में टॉस तय करेगा भारत की प्लेइंग इलेवन, कप्तान कोहली को करने होंगे ये बदलाव

Sat, 30 Oct 2021 05:58 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में पहले गेंदबाजी करने पर विराट भुवनेश्वर की जगह अश्विन या राहुल चाहर को मौका दे सकते हैं। वहीं बाद में गेंदबाजी करने पर ओस की भूमिका अहम रहेगी। ऐसे में शार्दुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है। 
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टीम इंडिया टी-20 वर्ल्डकप में अपना दूसरा मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रही है। भारत के लिए यह मैच जरूरी है और सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया हर हाल में यह मैच जीतना चाहेगी। रविवार के दिन दुबई के मैदान में यह मुकाबला खेला जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत इसी मैदान पर खेला था और बाद में गेंदबाजी करने पर भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में विराट कोहली टॉस के समय अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं। पहले गेंदबाजी करने पर भारत तीन स्पिन गेंदबाजों के साथ उतर सकता है, जबकि बाद में गेंदबाजी करने पर दो से ज्यादा स्पिन गेंदबाजों को मौका मिलना मुश्किल है। 
विज्ञापन


पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया सिर्फ पांच गेंदबाजों के साथ उतरी थी और भुवनेश्वर के फ्लॉप होने पर उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था, जिससे वो भुवी के ओवर निकलवा सकें। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कोहली ऐसी स्थिति से बचना चाहेंगे। 

टॉस जीतने पर क्या करेंगे विराट

1. अगर विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतते हैं तो निश्चित रूप से वो पहले गेंदबाजी करना पसंद करेंगे। ऐसे में वो तीन स्पिन गेंदबाजों को मौका दे सकते हैं। भारत के भुवनेश्वर कुमार लय में नहीं हैं, इसलिए उनकी जगह राहुल चाहर को खिलाया जा सकता है। न्यूजीलैंड की टीम में विलियमसन के अलावा बाकी बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ बहुत अच्छा नहीं खेलते हैं और इनके खिलाफ राहुल चाहर काफी प्रभावी साबित हो सकते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड के शुरुआती तीन में से दो विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए थे, जबकि विलियमसन रन आउट हुए थे। वहीं बाकी बल्लेबाजों के विकेट डेथ ओवरों में बड़े शॉट खेलने के चक्कर में गए थे। 
विज्ञापन


2. लक्ष्य का पीछा करते समय भारत को एक अच्छे फिनिशर की जरूरत होगी। ऐसे में हार्दिक को टीम में रखना जरूरी होगा। पहले गेंदबाजी करने पर भारत तीन स्पिन गेंदबाजों और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। जरूरत पड़ने पर विराट पार्ट टाइम गेंदबाजों का उपयोग कर सकते हैं। 

टॉस हारने पर भारत के लिए क्या बदलेगा

1. अगर कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन टॉस जीतते हैं तो वो भी लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगे। ऐसे में भारत को बाद में गेंदबाजी करनी पड़ेगी। दूसरी पारी के समय मैदान में काफी ओस आ जाती है और स्पिन गेंदबाजों को परेशानी होती है। ऐसे में भारत तीन तेज गेंदबाजों के अलावा जडेजा और वरुण चक्रवर्ती को ही मौका दे सकता है और हार्दिक की जगह शार्दुल ठाकुर को टीम में रख सकता है। ऐसा करने पर लक्ष्य का बचाव करते हुए विराट के पास गेंदबाजी के छह विकल्प होंगे और किसी गेंदबाज का खराब दिन होने पर उसके ओवर दूसरे गेंदबाज से कराए जा सकेंगे। 

2. पहले बल्लेबाजी करते समय भारत को मुश्किल हालातों में रन बनाने होंगे और धीमी पिच में बड़े शॉट खेलने की बजाय रन भागने पर ज्यादा ध्यान देना होगा। टीम इंडिया को कम से कम डॉट गेंद खेलनी होंगे और फील्डर के ऊपर से छक्के लगाने की बजाय गैप में ज्यादा शॉट खेलने की कोशिश करनी होगी। कोहली, रोहित, राहुल और सूर्यकुमार जैसे खिलाड़ी इसी शैली की बल्लेबाजी करते हैं। इसलिए इन खिलाड़ियो को शुरुआत में थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी। वहीं हार्दिक और किशन जैसे बिग हिटर्स को टीम से बाहर रखा जा सकता है। 

3. दुबई में पहले बल्लेबाजी करते समय शुरुआती छह ओवरों का फायदा उठाना भी जरूरी रहता है, क्योंकि बाद में गेंद पुरानी होने के बाद बड़े शॉट लगाना आसान नहीं रहता। ऐसे में भारत को यह तय करना होगा कि कौन सा बल्लेबाज पावरप्ले का फायदा उठाएगा और कौन टिककर बल्लेबाजी करेगा। शुरुआत में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी राहुल को दी जा सकती है, जबकि रोहित और बाद में विराट टिककर खेल सकते हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें