टीम इंडिया ने रविवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में न्यूजीलैंड को बेहद रोमांचक मुकाबले में 6 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। टीम इंडिया ने लगातार सातवीं वन-डे सीरीज जीती।
विज्ञापन
टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की और रोहित शर्मा (147) व कप्तान विराट कोहली (113) के शतकों की मदद से 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 337 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 331 रन बना सकी।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों कॉलिन मुनरो (75), कप्तान केन विलियमसन (64) और टॉम लैथम (65) की पारियों पर पानी फिर गया। इन तीनों ने काफी साहस दिखाया, लेकिन बुमराह ने अंतिम ओवरों में बाजी पलट दी। मैच में 138 गेंदों में 18 चौको और दो छक्को की मदद से 147 रन बनाने वाले रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
विज्ञापन
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को तीन मैचों की सीरीज में दो शतकों की मदद से 263 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।
बुमराह का 50वां शिकार, कीवी टीम का करारा पलटवार
कॉलिन मुनरो
- फोटो : BCCI
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने धमाकेदार शुरुआत की। मुनरो ने भुवनेश्वर कुमार के पहले ओवर में 19 रन बटोरे। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने मार्टिन गप्टिल (10) को मिड ऑफ में दिनेश कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर अपने वन-डे करियर का 50वां विकेट लिया।
बुमराह ने अपने करियर के 28वें वन-डे में यह उपलब्धि हासिल की। बुमराह भारतीय गेंदबाजों में वन-डे में सबसे तेज 50 विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे। अजित अगरकर (23 मैच) के नाम सबसे तेज 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। मोहम्मद शमी (29 मैच) इस मामले में तीसरे और इरफान पठान (31 मैच) चौथे नंबर पर हैं।
ये भी पढ़ें: रोहित ने कानपुर में तोड़ा धोनी का छक्कों का रिकॉर्ड, पाकिस्तानी बल्लेबाज से रह गए पीछे
गप्टिल के जल्द आउट होने के बाद कॉलिन मुनरो (75) और केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड की पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। मुनरो ने इस दौरान अपने वन-डे करियर का चौथा और भारत के खिलाफ पहला अर्धशतक जमाया। चहल ने बाएं हाथ के बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। 30 वर्षीय मुनरो ने 62 गेंदों में 8 चौको और तीन छक्को की मदद से 75 रन बनाए।
इसके बाद चहल ने कीवी कप्तान केन विलियमसन को भी अपनी फिरकी में उलझाया और एमएस धोनी के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम को तगड़ा झटका दिया। विलियमसन ने 84 गेंदों में 8 चौको की मदद से 64 रन बनाए। फिर टॉम लैथम और रॉस टेलर (35) ने चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। दोनों टीम इंडिया के लिए मुसीबत बने हुए थे। हालांकि, जसप्रीत बुमराह ने पारी के 41वें ओवर की पहली गेंद पर टेलर को पॉइंट में जाधव के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई।
लैथम बने दीवार, टीम इंडिया ने जोरदार की वापसी
टॉम लैथम
- फोटो : BCCI
यहां से लैथम ने हेनरी निकोलस (37) के साथ पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में 59 रन की साझेदारी करके मैच बेहद रोमांचक बना दिया। भुवनेश्वर कुमार ने पारी के 47वें ओवर की पांचवीं गेंद पर निकोलस को क्लीन बोल्ड करके टीम इंडिया की वापसी कराई।
ये भी पढ़ें: विराट ने 32 वां शतक जड़ तोड़े रिकी पोंटिंग और एबी डीविलियर्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड
इसके बाद न्यूजीलैंड को जीत के लिए 14 गेंदों में 25 रन की जरुरत थी। तब धोनी और बुमराह ने मिलकर दिवार की तरह अड़े टॉम लैथम को रनआउट कर दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 52 गेंदों में 7 चौको की मदद से 65 रन बनाए।
मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर था और न्यूजीलैंड को जीत के लिए अंतिम ओवर में 15 रन की दरकार थी। मगर बुमराह ने कीवी टीम को गुमराह करते हुए अंतिम ओवर में केवल 8 रन दिए और मिचेल सेंटनर (9) का विकेट भी लिया। टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। युजवेंद्र चहल ने दो और भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट लिया।
रोहित शर्मा ने लगाया रिकॉर्ड शतक
रोहित शर्मा
- फोटो : BCCI
इससे पहले रोहित शर्मा (147) और विराट कोहली (113) के शतकों की मदद से टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के सामने रविवार को तीसरे व अंतिम वन-डे में 338 रन का लक्ष्य रखा है। न्यूजीलैंड द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 337 रन बनाए। दिनेश कार्तिक 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को पहला झटका टिम साउदी ने दिया। उन्होंने ओपनर शिखर धवन (14) को कप्तान विलियमसन के हाथों कैच आउट कराया। धवन ने अपनी पारी में 3 चौके लगाए और एक कमाल किया।
1st T20I: इस वजह से हो सकती है कोटला मैच में किरकिरी
उन्होंने इस साल वन-डे क्रिकेट में 100 चौके पूरे किए। वो ऐसा कारनामा करने वाले भारत के दूसरे जबकि विश्व के चौथे बल्लेबाज बने। धवन से पहले विराट कोहली (136), दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (106) और श्रीलंका के वन-डे कप्तान उपुल थरंगा (100) भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
इसके बाद रोहित शर्मा और कोहली ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की खबर लेना शुरू की। दोनों ने मैदान के चारों ओर दमदार शॉट लगाए और 230 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। रोहित ने इस दौरान अपने वन-डे करियर का 15वां शतक जमाया। उन्होंने रोहित शर्मा ने 138 गेंद में 18 चौको और 2 छक्को की मदद से 147 रन बनाए।
रोहित को सैंटनर ने साउदी के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। अपनी इस पारी के दौरान रोहित ने वनडे क्रिकेट में 150 छक्के पूरे किए। वह सबसे तेजी से 150 छक्के पूरे करने के मामले में पाकिस्तानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी से पांच पारी पीछे रह गए। रोहित ने साल 2017 में वनडे क्रिकेट में अपने 1 हजार रन पूरे किए।
इसके बाद कप्तान विराट कोहली ने अपने वन-डे करियर का 32वां शतक जमाया और कई रिकॉर्ड्स तोड़े। वो एक कैलेंडर वर्ष में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। कोहली का साल 2017 में यह 7वां शतक है। इसके अलावा वो सबसे जल्दी 9000 रन पूरे करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बने। इसके साथ ही कोहली ने राहुल द्रविड़ के 48 इंटरनेशनल शतकों के रिकॉर्ड को भी तोडा। कोहली का यह 49वां इंटरनेशनल शतक रहा। उन्होंने वन-डे में 32 और टेस्ट में 17 शतक लगाए हैं।
ये भी पढ़ें: किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं है टीम इंडिया के इस खिलाड़ी की लव स्टोरी
साउदी ने पारी के 47वें ओवर की चौथी गेंद पर लांगऑफ में विलियमसन के हाथों कैच कराकर कोहली की मैराथन पारी का अंत किया। एमएस धोनी (25) ने एक छोर पर कई आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन एडम मिलने ने उन्हें कॉलिन मुनरो के हाथों कैच आउट करा दिया। केदार जाधव (18) पारी की आखिरी गेंद पर गप्टिल को आसान कैच थमाकर पवेलियन लौटे।
न्यूजीलैंड की तरफ से एडम मिलने, टिम साउदी और मिचेल सैंटनर ने दो-दो विकेट लिए।