24 जनवरी से भारत के न्यूजीलैंड दौरे का आगाज होगा। भारतीय टीम को न्यूजीलैंड में पांच टी-20, तीन वन-डे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व हरफनमौला क्रेग मैकमिलन का मानना है कि मेजबान का सामना भारतीय क्रिकेट टीम के रूप में एक ‘पावरहाउस’ से है और उसे ‘पास’ होने के लिए तीन में से दो प्रारूप में जीतना होगा।
मैकमिलन ने ‘रेडियो स्पोर्ट ब्रेकफास्ट’ से कहा, ‘यह बड़ी श्रृंखला है। ऑस्ट्रेलिया में जो हुआ, उसके बाद यह पूरा दौरा काफी बड़ा है। भारतीय टीम पावरहाउस है। टेस्ट, वन-डे और टी-20 सभी श्रृंखलाएं अहम होंगी। न्यूजीलैंड को उत्तीर्ण होने के अंक हासिल करने के लिए तीन में से दो श्रृंखलाएं जीतनी होंगी।’
भारत के खिलाफ श्रृंखला का आगाज शुक्रवार को टी-20 मैच से होगा। मैकमिलन ने कहा, ‘शुरुआत में पांच टी-20 मैच होंगे और मुझे पता है कि यह सबका पसंदीदा प्रारूप नहीं है। इसके बाद अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 विश्व कप होना है लिहाजा ये श्रृंखला अहम है। ऑस्ट्रेलिया में प्रदर्शन के बाद हमें जीत की राह पर लौटना होगा।’