तिलक वर्मा ने एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा कैच पकड़कर रचा इतिहास
भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में दो कैच पकड़कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान फील्डर के रूप में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। तिलक के नाम 2026 में अब तक 26 कैच हो चुके हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के डैनिलसन हावो को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2025 में 25 कैच पकड़े थे। इस सूची में संयुक्त अरब अमीरात के मुहम्मद वसीम 24 कैच के साथ तीसरे स्थान पर हैं। तिलक ने न्यूजीलैंड की पारी के दौरान टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल के कैच पकड़े। सीफर्ट का कैच उन्होंने कवर्स पर पकड़ा, जबकि मिचेल का कैच लेने के साथ भुवनेश्वर कुमार को इस सीरीज का पहला विकेट मिला।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक कैच लेने वाले फील्डर
- 26 कैच - तिलक वर्मा (भारत), 2026
- 25 कैच - डैनिलसन हावो (इंडोनेशिया), 2025
- 24 कैच - मुहम्मद वसीम (यूएई), 2024
- 21 कैच - शार्विन मुनियांडी (मलेशिया), 2025
- 20 कैच - ब्रायन मसाबा (युगांडा), 2023
- 20 कैच - तंजिद हसन (बांग्लादेश), 2025
मिचेल सैंटनर ने भी बनाया खास रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान करते हुए चार विकेट हासिल किए। उन्होंने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए और भारतीय टीम को एक समय मुश्किल में डाल दिया। सैंटनर ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और नमन धीर को आउट किया। हालांकि, उनकी शानदार गेंदबाजी न्यूजीलैंड को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। इस प्रदर्शन के साथ सैंटनर टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ एक से अधिक बार चार विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने 2016 टी20 विश्व कप में नागपुर में भारत के खिलाफ 11 रन देकर चार विकेट लिए थे। उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 126 रन बनाने के बाद भारतीय टीम को लक्ष्य हासिल नहीं करने दिया था।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के खिलाफ स्पिनरों के सर्वश्रेष्ठ चार विकेट वाले प्रदर्शन
- 4 विकेट पर 9 रन - वानिंदु हसरंगा, कोलंबो, 2021
- 4 विकेट पर 11 रन - मिचेल सैंटनर, नागपुर, 2016
- 4 विकेट पर 20 रन - डेनियल विटोरी, जोहानिसबर्ग, 2007
- 4 विकेट पर 20 रन - गेरहार्ड इरास्मस, दिल्ली, 2026
- 4 विकेट पर 21 रन - मिचेल सैंटनर, क्राइस्टचर्च, 2026
अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में छक्कों के मामले में रोहित को छोड़ा पीछे
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अभिषेक पावरप्ले यानी पारी के पहले छह ओवरों में अब तक 100 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 98 छक्के हैं। न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल 97 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग 94 और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक 87 छक्कों के साथ इस सूची में शामिल हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय के पावरप्ले में सर्वाधिक छक्के
- 100 - अभिषेक शर्मा
- 98 - रोहित शर्मा
- 97 - मार्टिन गुप्टिल
- 94 - पॉल स्टर्लिंग
- 87 - क्विंटन डिकॉक