पहले वनडे में विकेट की तलाश में कप्तान विराट कोहली ने बार-बार जसप्रीत बुमराह की ओर ही निहारा। भारत को इस अत्यधिक निर्भरता से बचना होगा। भारतीय फील्डिंग भी पिछले मैच में खराब रही थी। चेन्नई, मुंबई और हैमिल्टन में हर जगह हार का अहम कारण कमजोर क्षेत्ररक्षण रहा। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के बाद से भारत के क्षेत्ररक्षण का स्तर गिरा है और टीम को मिलकर इसमें सुधार करना होगा।
भारतीय टीम ने शुक्रवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग लिया। नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर दोनों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी की। ठाकुर टी-20 मैच में महंगे साबित हुए थे और पहले वनडे में भी कुछ खास नहीं कर सके। भारत उनकी जगह सैनी को उतार सकता है। इसके अलावा टीम में केदार जाधव की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
चयनकर्ताओं ने टीम में संतुलन के लिए उन्हें अंतिम एकादश में रखा लेकिन कोहली ने हैमिल्टन में उनसे एक भी ओवर नहीं कराया। शायद छोटी बाउंड्री की वजह से ऐसा किया गया लेकिन यहां तो मैदान और भी छोटा है। वैसे भी पिछले 11 में से सिर्फ चार वनडे मैचों में गेंदबाजी की है जाधव ने। ऐसे में शिवम दुबे या मनीष पांडे को उतारना बेहतर होगा।
न्यूजीलैंड के लिए टी-20 सीरीज में हार के बाद टीम में बदलाव सुखद रहा। टॉम लॉथम ने मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी की। हेनरी निकोल्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। रॉस टेलर अपने फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे। कप्तान केन विलियम्सन फिटनेस कारणों से बाहर हैं, जबकि स्कॉट कुगलेन बीमार होने के कारण नहीं खेल सकेंगे। ईश सोढी को न्यूजीलैंड ए की तरफ से खेलने के लिए रिलीज़ कर दिया गया है ऐसे में उनकी जगह छह फुट आठ इंच लंबे तेज गेंदबाज काइल जैमिसन को उतारा जाएगा।
भारत-न्यूजीलैंड आमने-सामने
- कुल मैच: 108
- भारत जीता: 55
- न्यूजीलैंड जीता: 47
- टाई: 01
- बेनतीजा: 05
अंतरराष्ट्रीय वनडे रैंकिंग
भारत: मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल (विकेटकीपर), मनीष पांडे, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी, केदार जाधव, शार्दुल ठाकुर।
न्यूजीलैंड: टॉम लाथम (विकेटकीपर एवं कप्तान), मार्क चैपमैन, रॉस टेलर, हामिश बेनेट, टॉम ब्लंडेल, कोलिन डि ग्रैंडहोम, मार्टिन गप्टिल, काइल जेमीसन, स्कॉट कगीलेन, जिमी नीशाम, हेनरी निकोल्स, मिशेल सैंटनर, टिम साउथी और केन विलियमसन।