टीम इंडिया ने यहां सात वनडे खेले हैं और उसे छह में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, भारतीय टीम को यहां एकमात्र जीत 2009 में मिली थी। तब महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड को 10 विकेट से हराया था। 2009 के बाद से भारतीय टीम ने यहां लगातार चार मैच गंवाए हैं।
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें वनडे फॉर्मेट में 111 बार आमने-सामने आई हैं। भारत ने इसमें से 55 मैच जीते हैं। वहीं, न्यूजीलैंड को 50 मैचों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा और पांच मुकाबले बेनतीजे रहे। भारत ऐसी पहली टीम है जिसके खिलाफ न्यूजीलैंड ने वनडे में 50 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच वनडे मैचों में न्यूजीलैंड ने भारत को पांचों मैच में हराया है।
हैमिल्टन के सेडोन पार्क में टॉस फैक्टर भी अहम रहता है। यहां खेले गए 37 वनडे मैचों में पहले बैटिंग करने वाली टीम 13 मैचों में जीती है। वहीं, बाद में बैटिंग करने वाली टीम को 22 मैचों में जीत हासिल हुई है। दो मैच बेनतीजे रहे हैं। ऐसे में कप्तान धवन उम्मीद कर रहे होंगे कि सिक्का का फैसला उनके पक्ष में आए। सेडोन पार्क में दो बार 300+ का टारगेट चेज हो चुका है।
मौसम की बात करें तो मैच के दौरान बारिश की संभावना है। मौसम बताने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर डॉट कॉम के मुताबिक भारतीय समयानुसार सुबह सात बजे और हैमिल्टन के समयानुसार दोपहर ढाई बजे 40 से 60 प्रतिशत बारिश की संभावना है। स्थानीय समयानुसार दोपहर दो से तीन, शाम पांच से छह और रात सात से आठ बजे के बीच 60 प्रतिशत से ज्यादा बारिश की संभावना है। सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे 30 नवंबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।