वेलिंग्टन टेस्ट का दूसरा दिन खराब रोशनी के कारण जल्दी खत्म कर दिया गया। दूसरे दिन भारतीय टीम ने 122 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन साउदी और जेमीसन के आगे कुछ खास नहीं कर पाई और पूरी टीम 165 रन पर ही ढेर हो गई। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान केन विलियमसन (89) और रास टेलर (44) की 93 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की मदद से पांच विकेट पर 216 रन बनाए।
मेजबान टीम को भारत की पहली पारी के आधार पर 51 रनों की बढ़त मिल गई है, वहीं उसकी तरफ से बीजे वाटलिंग (14) और ग्रैंडहोम (04) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की तरफ से इशांत शर्मा ने सर्वाधिक तीन विकेट अपने नाम किए, वहीं शमी और अश्विन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले भारत की तरफ से पहली पारी में अजिंक्य रहाणे ने सर्वाधिक 46 रन बनाए तो न्यूजीलैंड की तरफ से साउदी और जेमीसन ने चार-चार विकेट चटकाए।
अश्विन को बढ़िया गेंदबाजी का इनाम मिला और उन्होंने अपना पहला विकेट हासिल किया। आश्विन ने बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स को विराट के हाथों कैच करवाकर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। आउट होने से पहले निकोल्स ने 62 गेंदों में 17 रन बनाए। न्यूजीलैंड का स्कोर 207/5, वाटलिंग (09) और कॉलिन ग्रैंडहोम (00)
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में अपने 200 रन पूरे कर लिए हैं। मेजबान टीम ने भारत की पहली पारी के आधार पर 37 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 202/4, निकोल्स-(16) और वाटलिंग (05)
आखिरी सेशन से पहले ड्रिंक्स ब्रेक लिया गया है, दूसरे दिन का खेल खत्म होने में तकरीबन 16 ओवर बाकी हैं। न्यूजीलैंड के पास फिलहाल पहले पारी में 25 रन की बढ़त है। न्यूजीलैंड का स्कोर 190/4, निकोल्स-(07) और वाटलिंग (02)
भारत ने बुमराह की जगह पर शमी को गेंद देने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। शमी ने आते ही चौथी गेंद पर कप्तान विलियमसन को रविन्द्र जडेजा के हाथों कैच करवाकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। आउट होने से पहले विलियमसन ने 153 गेंदों में 89 रन बनाए। न्यूजीलैंड का स्कोर 185/4, निकोल्स-(04) और वाटलिंग (00)
इशांत शर्मा ने बार फिर से टीम को बड़ी सफलता दिलाते हुए न्यूजीलैंड की महत्वपूर्ण साझेदारी तोड़ी है। शर्मा ने 53वें ओवर की पहली गेंद पर टेलर को पुजारा के हाथों कैच करवाया। आउट होने से पहले टेलर ने 44 रन बनाए और विलियमसन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़े। न्यूजीलैंड का स्कोर 167/3, विलियमसन-(75) और निकोल्स-(00)
न्यूजीलैंड ने भारत की पहले पारी के आधार पर एक रन की बढ़त ले ली है। भारत ने पहली पारी में 165 रन बनाए थे और अब न्यूजीलैंड की टीम उस स्कोर से आगे निकल गई है।
केन विलियमसन ने कप्तानी पारी खेलते हुए अपना 32वां अर्धशतक पूरा किया। विलियमसन ने 93 गेंदों में चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। साथ ही उन्होंने टेलर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी की। न्यूजीलैंड का स्कोर 127/2, विलियमसन-(52) और टेलर-(27)
मेजबान न्यूजीलैंड ने शुरुई झटकों से उबरते हुए तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़ लिए हैं। लंच के बाद के सेशन में कीवियों ने 99 रन बनाए और दो विकेट गंवाए। भारत के पहली पारी के स्कोर से न्यूजीलैंड की टीम अभी भी 49 रन पीछे है और उसके आठ विकेट बाकी है। कप्तान विलियमसन अपने अर्धशतक के करीब हैं और टेलर भी अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे हैं। चायकाल तक न्यूजीलैंड का स्कोर 116/2, विलियमसन-(46) और टेलर-(22)
दो विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड की तरफ से एक और अहम साझेदारी हो रही है। कप्तान विलियमसन और अपना 100वां टेस्ट खेल रही रोस टेलर ने तेजी से 32 रन जोड़ लिए हैं और न्यूजीलैंड के स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया है। 36 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 104/2, विलियमसन-(44) और टेलर-(18)
इशांत शर्मा ने भारत को एक बार फिर से बड़ी सफलता दिलाई है। 27वें ओवर की चौथी गेंद पर इशांत की अंदर आती गेंद पर ब्लंडेल बोल्ड हो गए। ब्लंडेल ने आउट होने से पहले 80 गेंदों में 30 रन बनाए। न्यूजीलैंड का स्कोर 74/2, विलियमसन-(31) और टेलर-(01)
शुरुआत में ही लाथम का विकेट गंवाने के बाद मेजबान टीम ने शानदार वापसी की है। न्यूजीलैंड की तरफ से विलियमसन और ब्लंडेल अब तक 37 रन की साझेदारी कर चुके हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 63/1, विलियमसन-(22) और ब्लंडेल-(30)
भारत ने 20 ओवर के खेल के बाद अपने स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को गेंदबाजी की जिम्मेदारी सौंपी है। भारत के तेज गेंदबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, ऐसे में अब टीम इंडिया को अश्विन से उम्मीदें हैं।
सलामी बल्लेबाज लाथम का विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान विलियमसन और ब्लंडेल पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। 20 ओवर की समाप्ति के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 53/1, विलियमसन-(14) और ब्लंडेल-(28)
लंच के बाद गेंदबाजी की कमान इशांत शर्मा ने संभाली है। न्यूजीलैंड के दोनों ही सलामी बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। नौ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 22 रन बिना किसी विकेट के नुकसान पर। लेथम-(11) और ब्लंडेल-(11)
लंच तक न्यूजीलैंड ने बिना किसी विकेट के नुकसान पर 17 रन बना लिए हैं। कीवी टीम की पारी के आठ ओवर हो गए हैं और भारतीय गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली है। लेथम-(11) और ब्लंडेल-(6) रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। भारतीय टीम जल्द से जल्द विकेट की तलाश में है। आज भारतीय गेंदबाजों को कीवी गेंदबाजों के मुताबिक कम स्विंग मिल रही है। कीवी टीम भारतीय टीम की पहली पारी से अभी 148 रन पीछे है।
टॉम लेथम और ब्लंडेल ने न्यूजीलैंड की पारी शुरुआत की। भारत की ओर से नई गेंद से गेंदबाजी की शुरुआत जसप्रीत बुमराह की है। पहले ओवर से आए तीन रन। न्यूजीलैंड का स्कोर तीन रन बिना किसी विकेट के नुकसान पर। लेथम-(3) और ब्लंडेल-(0)
इशांत शर्मा के रूप में भारत को नौवा झटका लगा। जैमिनसन ने उन्हें पांच रन के स्कोर पर विकेट के पीछे कैच कराया। इशांत और शमी के बीच 22 रन की साझेदारी हुई।भारत का स्कोर 165/9, शमी-(21) और बुमराह -(0)
62वें ओवर में भारत को बड़ा झटका लगा। टीम साउदी ने रहाणे को विकेट के पीछे कैच कराकर टीम इंडिया को आठवां झटका दिया। रहाणे 46 रन की अहम पारी खेलकर पवेलियन लौटे। भारत का स्कोर 144/8, शमी-(1) और इशांत -(4)
भारतीय टीम ने अपने पहले दिन के बनाए 122 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। रहाणे और पंत क्रीज पर आए हैं। कीवी टीम ने स्पिन के साथ दूसरे दिन की शुरुआत की है। एजाज पटेल गेंदबाजी करने के लिए आए। पंत ने पहले ओवर में ही एक छक्का लगाया। भारत का स्कोर 129/5, रहाणे-(38) और पंत (17)
न्यूजीलैंड की तरफ से टेस्ट डेब्यू कर रहे काइल जैमिनसन सबसे सफल गेंदबाज रहे। जेमीसन ने पुजारा, विराट और विहारी समेत तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा बोल्ट और साउदी ने एक-एक विकेट लिए।