पिछली दो टी20 सीरीज में अपराजेय रही भारतीय टीम को न्यूजीलैंड आकर आराम करने, अनुकूलन और अभ्यास के लिए दो ही दिन का समय मिला, लेकिन अपने बल्लेबाजों के दम पर श्रेयस अय्यर की टीम जीत के साथ दौरे का आगाज करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला गुरुवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। भारत के लिए न्यूजीलैंड दौरा आसान नहीं रहने वाला है और इस दौरे पर सबसे पहले टी20 सीरीज खेली जाएगी।
न्यूजीलैंड में पिछली बार भारत ने 2022 में नेपियर में टी20 मैच खेला था और वर्षाबाधित वह मैच डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर ड्रॉ रहा था। भारत ने वह सीरीज जीती थी चूंकि खराब मौसम के कारण एक ही मैच हो सका था। भारत के सिर्फ चार बल्लेबाज पहले न्यूजीलैंड में टी20 खेल चुके हैं जिनमें कप्तान अय्यर, ईशान किशन, संजू सैमसन और शिवम दुबे शामिल हैं।
भारत बनाम न्यूजीलैंड
- फोटो : BCCI
श्रेयस की कप्तानी की परीक्षा
अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी भले ही आक्रामक पारियां खेलने में माहिर हों, लेकिन यहां की तेज और उछालभरी पिचों पर उन्हें ढलने में समय लग सकता है। अय्यर की कप्तानी की शुरूआत आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पराजय के साथ हुई और अब उनके सामने खुद को कठिन परिस्थितियों में साबित करने की चुनौती होगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला खत्म होने के बाद भारत से लंबी उड़ान लेकर यहां पहुंचने पर अय्यर ने कहा कि उनकी टीम को अलग अलग हालात में खेलने की आदत है।
वैभव को लेकर क्या बोले श्रेयस
हर बार टी20 मैच में एक सवाल सभी के मन में रहता है कि वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे या नहीं। टी20 सीरीज शुरू होने से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वैभव को मौके के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। अय्यर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर साफ किया है कि उन्हें फिलहाल प्लेइंग-11 में सीधे जगह नहीं मिल सकती। अय्यर के मुताबिक, शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में सूर्यवंशी को अपने मौके का इंतजार करना होगा। हालांकि, कप्तान ने भरोसा दिलाया कि इस युवा खिलाड़ी को आगे अवसर मिलेंगे। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि पहले टी20 में वैभव खेलते नजर आएंगे। इस स्थिति में एक बार फिर पारी की शुरुआत करने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन उतर सकते हैं।
वैभव और सैमसन
- फोटो : BCCI
किस तरह बढ़ी चयन की चिंता
भारत के सामने पहली बड़ी चुनौती यह होगी कि उसके स्पिन ऑलराउंडर एशियाई परिस्थितियों की तुलना में गेंद से कम असरदार साबित हो सकते हैं। घरेलू मैदान पर भारत अक्षर पटेल, नमन धीर और एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पर भरोसा करता रहा है, ताकि ये तीनों मिलकर आठ ओवर डाल सकें। न्यूजीलैंड में भारत को इस रणनीति को बदलना पड़ सकता है। टीम नमन धीर को बाहर बैठाकर दो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों को खिला सकती है। हालांकि धीर ने अपने पिछले मैच में छह गेंदों पर 24 रन बनाए थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ बारिश से धुल गए सीरीज के निर्णायक मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की वापसी हो गई थी। अनुभव को देखते हुए उन्हें प्लेइंग-11 में एक बार फिर जगह मिल सकती है। लेकिन बड़ा सवाल है कि फिट हो चुके वरुण चक्रवर्ती को कैसे प्लेइंग-11 में लाया जाए। क्या भारत एक मिस्ट्री स्पिनर को खिलाएगा या तीसरे तेज गेंदबाज को? क्राइस्टचर्च में खेले गए पिछले टी20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका ने तीन स्पिनरों को खिलाया था, लेकिन वह सीजन का आखिरी दौर था। लेकिन इस समय परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के मूफीद रहती हैं।
न्यूजीलैंड की तैयारी कैसी?
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनेर ने कहा कि शानदार बल्लेबाजों से भरी भारतीय टीम के लिए सपाट पिच बनाना सही रणनीति नहीं होती। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्लेन फिलिप्स और फिन एलेन जैसे उनके आक्रामक बल्लेबाज भारतीयों पर भारी पड़ेंगे। न्यूजीलैंड के पास जैकब डफी, मैट हेनरी, एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन, काइल जैमीसन और ब्लेयर टिकनेर जैसे शानदार गेंदबाज हैं।
भारत बनाम न्यूजीलैंड
- फोटो : BCCI
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: फिन एलेन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवॉन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।