फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NED Playing 11: दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है भारत, कुलदीप की जगह खतरे में? क्या होंगे बड़े बदलाव

Wed, 18 Feb 2026 09:40 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

IND vs NED Playing 11 Prediction Today Match: भारतीय टीम सुपर आठ चरण से पहले नीदरलैंड के खिलाफ बेंच स्ट्रेंग्थ को परखना चाहेगी। भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि गेंदबाजी संयोजन में परिवर्तन देखने मिल सकते हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम नीदरलैंड - फोटो : BCCI/IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर मौजूद भारतीय टीम का सामना अब बुधवार को नीदरलैंड से होगा। भारत पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुका है, इसलिए उसके पास अगले दौर से पहले अपनी कमियों में सुधार लाने का यह अच्छा अवसर होगा। पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए पिछले मैच में टीम ने तीन स्पिनरों को प्लेइंग-11 में मौका दिया था, लेकिन अब मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। ऐसे में टीम फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। 
विज्ञापन

अभिषेक को फॉर्म में करनी होगी वापसी
  • अपनी पिछली दो पारियों में खाता खोलने में नाकाम रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नीदरलैंड के खिलाफ बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। 
  • अभिषेक शर्मा ने पिछले 18 महीने में खुद को इस प्रारूप का खतरनाक खिलाड़ी साबित किया है लेकिन घरेलू मैदान पर खेली जा रही आईसीसी प्रतियोगिता में वह अभी तक अपना जलवा नहीं दिखा पाए हैं।
  • अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद वह पेट के संक्रमण के कारण नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वापसी की लेकिन खाता खोलने में नाकाम रहे।
  • अभिषेक जोखिम लेने से नहीं कतराते हैं और उनकी इस तरह की बेखौफ बल्लेबाजी से भारत को कई मैच में जीत भी मिली है।
  • इस 25 वर्षीय बल्लेबाज का पिछली छह पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना यह संकेत देता है कि उन्हें पावरप्ले में अपनी रणनीति की समीक्षा करने की जरूरत है।

ईशान पर रहेगी नजर
दूसरे छोर पर ईशान किशन की शानदार फॉर्म के कारण अभिषेक के बल्ले से रनों की कमी का टीम की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ा है। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाज की छवि को देखते हुए यह स्पष्ट है कि विरोधी टीमों ने भारत के इस सलामी बल्लेबाज का सामना करने के लिए अतिरिक्त तैयारी की है। लेकिन जिस तरह ईशान ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया, उसे देखते हुए उनसे एक बार फिर बड़ी पारी देखने की उम्मीद होगी। 

बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना नहीं
नीदरलैंड के खिलाफ भारत के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन अब तक बहुत ज्यादा अच्छा नहीं रहा है और स्पिनरों के खिलाफ भी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने अपनी राउंड आर्म और बिहाइंड द स्टंप्स गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया जबकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में एक अन्य अपरंपरागत स्पिनर उस्मान तारिक ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। यहां तक कि सईम अयूब भी भारतीयों के खिलाफ प्रभावी साबित हुए थे। नीदरलैंड के गेंदबाजी आक्रमण में बहुत अच्छे स्पिनर नहीं हैं और ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को उनको खेलने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।

बुमराह को मिलेगा आराम?
गेंदबाजी के मोर्चे पर भारत के पास सुपर आठ से पहले कुछ गेंदबाजों को आराम देने का विकल्प है, जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं। कोलंबो में अतिरिक्त स्पिन विकल्प के रूप में अर्शदीप सिंह के स्थान पर कुलदीप यादव को चुनने के बाद उम्मीद है कि भारत फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के संयोजन पर वापस लौटेगा। अगर बुमराह को आराम दिया जाता है तो मोहम्मद सिराज और अर्शदीप के अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा कि उन्हें नहीं लगता बुमराह को आराम मिलेगा। वहीं, स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल संभाल सकते हैं और कुलदीप को बाहर बैठना पड़ सकता है।
विज्ञापन

इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती। 
नीदरलैंड: माइकल लेविट, मैक्स ओ डौड, बास डि लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), जैक लियोन कैचेट, लोगान वान बीक, आर्यन दत्त, रोएलोफ वान डेर मेरवे, काइल क्लेइन, फ्रेड क्लासेन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें