इससे पहले केएल राहुल (70) और सुरेश रैना (69) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने शुक्रवार को दूसरे व अंतिम टी-20 इंटरनेशनल मैच में आयरलैंड के सामने 214 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 213 रन बनाए। मनीष पांडे 21* और हार्दिक पांड्या 32* रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को तेज शुरुआत के बाद कप्तान विराट कोहली (9) के रूप में जोरदार झटका लगा। 23 रन के स्कोर पर चेस ने उन्हें डीप स्क्वायर पर डॉकरेल के हाथों कैच आउट कराया।
यहां से केएल राहुल (70) और सुरेश रैना ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके बड़े स्कोर की आस जगाई। दोनों ने आयरिश गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों कोनों में शॉट घुमाए। इस दौरान केएल राहुल ने बॉयड रैंकिंन द्वारा किए पारी के 11वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का चौथा अर्धशतक जमाया। उन्होंने 28 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से पचासा जड़ा।
ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया लगातार दूसरे मैच में 200 रन का स्कोर पार करेगी। मगर केविन ओ ब्रायन ने बाजी पलट दी। उन्होंने पारी के 13वें ओवर की पहली गेंद पर राहुल और तीसरी गेंद पर रोहित शर्मा को आउट करके आयरलैंड की जोरदार वापसी कराई। राहुल ने 36 गेंदों में तीन चौके और 6 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। रोहित शर्मा खाता खोले बिना डगआउट लौटे।
इसके बाद रैना ने मनीष पांडे के साथ मिलकर 41 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया के 200 रन का स्कोर पार करने की उम्मीद दोबारा जगाई। इस बीच सुरेश रैना ने केविन ओ ब्रायन द्वारा किए पारी के 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर फाइन लेग की दिशा में चौका जमाकर अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर का 5वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 34 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपनी फिफ्टी पूरी की। बता दें कि रैना ने साल 2010 के बाद से दूसरी टी-20 इंटरनेशनल फिफ्टी जमाई।
केविन ओ ब्रायन ने रैना को लांगऑन पर डॉकरेल के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसरा शिकार किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 45 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। अंतिम दो ओवरों में हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ पारी खेली और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। पांड्या ने सिर्फ 9 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए।
आयरलैंड की तरफ से केविन ओ ब्रायन ने तीन जबकि पीटर चेस को एक विकेट मिला।
इससे पहले आयरलैंड के कप्तान गैरी विल्सन ने शुक्रवार को इंडिया के खिलाफ दूसरे व अंतिम टी-20 इंटरनेशनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया ने दूसरे टी-20 इंटरनेशनल के लिए अपनी टीम में चार बदलाव किए हैं। शिखर धवन की जगह केएल राहुल, एमएस धोनी की जगह दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार की जगह उमेश यादव और जसप्रीत बुमराह की जगह सिद्धार्थ कौल को शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल को डेब्यू करने का मौका मिला है।
तेज गेंदबाज को एमएस धोनी ने टीम इंडिया की कैप भेंट की। वहीं आयरलैंड की टीम में विलियम पोर्टरफील्ड की वापसी हुई है। उन्हें स्टुअर्ट पोयंटर की जगह शामिल किया गया है। याद हो कि टीम इंडिया ने पहले टी-20 इंटरनेशनल में आयरलैंड को 76 रन से मात दी थी।
टीमें इस प्रकार हैंः
टीम इंडिया - विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, सिद्धार्थ कौल, उमेश यादव और युजवेंद्र चहल।
आयरलैंड: गैरी विल्सन (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग, जेम्स शैनॉन, एंड्रयू बालर्बिनी, सिमरनजीत सिंह, विलियम पोर्टरफील्ड, केविन ओ ब्रायन, स्टुअर्ट थॉम्पसन, जॉर्ज डॉकरेल, बॉयड रैंकिन, पीटर चेस।