अनुभवी झूलन गोस्वामी (19 रन देकर एक विकेट) और शिखा पांडे (21 रन देकर दो विकेट) ने भी भारत को 202 रन के लक्ष्य को बचाने में अहम भूमिका निभाई। बल्लेबाजी में युवा सलामी बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज अच्छी फार्म में हैं जबकि 24 रन बनाने वाली स्मृति मंधाना भी काफी रन जुटाना चाहेंगी जो पहले मैच में मौका चूक गयीं थीं।
कप्तान मिताली राज ने 44 रन बनाये थे, वह 50 ओवर के प्रारूप के लिये मजबूत दिखती हैं। वह भारत की बल्लेबाजी लाइन अप की रीढ़ हैं, वह चाहेंगी कि उन्हें दीप्ति शर्मा, मोना मेशराम और युवा हरलीन देयोल से सहयोग मिले। हरलीन को चोटिल हरमनप्रीत कौर की जगह मौका मिला था।
चिंता की बात सिर्फ यही है कि टीम सलामी बल्लेबाजों जेमिमा और मंधाना से मिली अच्छी शुरूआत का फायदा नहीं उठा सकी थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये 69 रन की भागीदारी निभाकर बड़े स्कोर की नींव रखी थी। लेकिन मध्यक्रम चरमरा गया। फिर जिम्मेदारी मिताली और विकेटकीपर तानिया भाटिया (25) तथा बाद में गोस्वामी (30) ने संभाली।
वहीं इस हार से हैरान इंग्लैंड की टीम के दौड़ में बने रहने और सीरीज को जीवंत रखने के लिये शानदार तरीके से वापसी की उम्मीद है। लेकिन उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती भारतीय स्पिन तिकड़ी से निपटने की होगी जिनके लिए यहां के हालात काफी मददगार हैं।
कप्तान हीथर नाइट को दानी वाट, सारा टेलर और टैमी ब्यूमोंट से सहयोग की जरूरत है। पिछले मैच में आल राउंडर नटाली स्किवर ने बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था। इंग्लैंड की गेंदबाजी हालांकि प्रभावी रही। उनके पास स्किवर, सोफी एक्सेलस्टोन, जार्जिया एलवेस और अनुभवी तेज गेंदबाज आन्या श्रबसोल के रूप में अच्छी गेंदबाज मौजूद हैं जो भारतीयों को परेशानी में डालेंगी।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत : मिताली राज (कप्तान), झूलन गोस्वामी, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज, दीप्ति शर्मा, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), आर कल्पना (विकेटकीपर), मोना मेशराम, एकता बिष्ट, राजेश्वरी गायकवाड़, पूनम यादव, शिखा पांडे, मानसी जोशी, पूनम राउत और हरलीन देयोल।
इंग्लैंड : हीथर नाइट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, कैथरीन ब्रंट, केट क्रास, सोफिया डंकले, सोफी एक्सेलस्टोन, जार्जिया एलविस, एलेक्स हार्टले, एमी जोंस, लौरा मार्श, नटाली स्किवर, आन्या श्रबसोल, सारा टेलर (विकेटकीपर), लॉरेन विनफील्ड और दानी वाट।
मैच भारतीय समयानुसार सुबह नौ बजे शुरू होगा।