इससे पहले विराट कोहली (47) की कप्तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 148 रन बनाए। एमएस धोनी 32* और हार्दिक पांड्या 12* रन बनाकर नाबाद रहे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत जैक बॉल ने बिगाड़ी। उन्होंने रोहित शर्मा (6) को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराकर टी-20 इंटरनेशनल करियर में अपना डेब्यू विकेट लिया। बॉल ने शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर रोहित पुल शॉट खेलने गए, लेकिन उनका टाइमिंग अच्छा नहीं रहा। लिहाजा गेंद हवा में गई और विकेटकीपर ने आसान कैच लपक लिया।
इसके बाद लियाम प्लंकेट ने पारी के पांचवें ओवर में टीम इंडिया को दो करारे झटके दिए। ओवर की दूसरी गेंद पर शिखर धवन (10) रनआउट हो गए। तीन गेंद के बाद प्लंकेट ने पिछले मैच के शतकवीर केएल राहुल (6) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
22 रन के स्कोर पर तीन विकेट की खराब स्थिति में कप्तान विराट कोहली और सुरेश रैना (27) टीम इंडिया के संकटमोचक बने। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। रैना-कोहली की जोड़ी खतरनाक होती, इससे पहले ही इंग्लिश स्पिनर ने जादू बिखेरते हुए टीम इंडिया को तगड़ा झटका दे दिया। आदिल राशिद ने 20 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाने वाले रैना को स्टंपिंग करा दिया।
फिर कोहली ने एमएस धोनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 32 रन जोड़े और टीम इंडिया को 100 रन के पार लगाया। कोहली अपने अर्धशतक से जब 3 रन दूर थे, तब डेविड विली ने उन्हें फाइन लेग पर जो रूट के हाथों कैच आउट करा दिया। उन्होंने 38 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाए।
टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में एमएस धोनी का बड़ा हाथ रहा। उन्होंने 24 गेंदों में पांच चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाए। उन्होंने हार्दिक पांड्या के साथ छठे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। दोनों बल्लेबाजों ने अंतिम ओवर में 22 रन बटोरे।
इंग्लैंड की तरफ से डेविड विली और लियाम प्लंकेट ने किफायती गेंदबाजी करते हुए क्रमशः 18 व 17 रन देकर एक-एक विकेट झटका। इसके अलावा जैक बॉल और आदिल राशिद को एक-एक सफलता मिली।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धोनी, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या और उमेश यादव।
इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर, एलेक्स हेल्स, इयोन मोर्गन (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, डेविड विली, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जैक बॉल।