भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे टी20 मैच से पहले 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल सका। अब इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज में फैंस को उम्मीद है कि इस युवा खिलाड़ी को डेब्यू का मौका मिलेगा। इस बीच, भारत को अपनी कप्तानी में 1983 विश्व कप का विजेता बनाने वाले कपिल देव ने सूर्यवंशी की तुलना सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से की है, लेकिन साथ ही एक बड़ी चेतावनी भी दी है।
वैभव को समय देने की मांग
सूर्यवंशी को लेकर चल रही लगातार चर्चाओं पर कपिल देव ने सलाह दी है कि इस खिलाड़ी को जरूरत से ज्यादा हाइप नहीं किया जाना चाहिए। कपिल देव ने कहा, मैंने उसे ज्यादा खेलते हुए नहीं देखा है। इसमें कोई शक नहीं है कि वह एक बहुत बड़ी प्रतिभा है। लेकिन मुझे लगता है कि हम उसके बारे में कुछ ज्यादा ही बड़ी बातें कर रहे हैं। फिलहाल, उसे थोड़ा समय दें। उसे इतना हाइप मत करो। वह अभी बहुत युवा है और इतनी उम्र अभी नहीं है कि वह चीज को समझे।
पूर्व दिग्गज कप्तान ने आगे कहा कि सूर्यवंशी में हुनर की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अभी अन्य प्रारूपों में खुद को साबित करना होगा। कपिल देव ने कहा, अगर आप टैलेंट की बात करें तो हां वैभव सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जितना ही अच्छा है। उसमें इतना टैलेंट साफ दिखाई देता है, लेकिन सिर्फ टी20 क्रिकेट में। बाकी के प्रारूप (वनडे और टेस्ट) में अभी उसे खुद को साबित करना होगा।
'अगर वह तैयार है, तो उम्र मत देखो'
कपिल देव का यह भी मानना है कि अगर यह आक्रामक बल्लेबाज खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है, तो टीम इंडिया को उन्हें डेब्यू का मौका देने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा: वह टी20 में शानदार है। इतनी कम उम्र में इतना बड़ा प्रभाव छोड़ने वाला एक फीसदी खिलाड़ी भी आपको नहीं मिलेगा। हम सचिन के बारे में बात कर सकते हैं क्योंकि जब वह हमारे साथ खेले थे, तब वह भी बहुत छोटे थे। हम सोचते रह गए कि कहीं बहुत जल्दी तो नहीं हो गई, लेकिन इतिहास देखें तो डर लगता है कि कहीं देर न हो जाए। अगर वह तैयार है तो उसकी उम्र मत देखिए, उसकी काबिलियत देखिए।