इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को बुधवार को भारत के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट के शुरुआती दिन गेंद पर लार लगाते हुए देखा गया। इसके बाद गेंद को सैनिटाइज करना पड़ा। दरअसल, यह घटना 12वें ओवर के अंत में हुई जब स्टोक्स गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल करते दिखे।
इससे बाद अंपायर नितिन मेनन ने उनसे (स्टोक्स) बात करनी पड़ी। गेंद को फिर सैनिटाइज किया गया। जब भी गेंदबाज गेंद पर लार लगाएगा तो अंपायरों को गेंद से खेल शुरू करने से पहले इसे साफ करना होगा। गौरतलब है कि आईसीसी ने पिछले साल जून में कोरोना महामारी के चलते गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था।
आईसीसी के कोरोना दिशानिर्देशों के अंतर्गत एक टीम को प्रत्येक पारी में दो बार चेतावनी दी जा सकती है लेकिन गेंद पर बार बार लार लगाने से पांच रन की पेनल्टी लगेगी जो बल्लेबाजी कर रही टीम को मिलेंगे।