इंग्लैंड की टीम ने जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो की तूफानी पारी के दम पर भारत को तीसरे टी-20 में आठ विकेट से हरा दिया है। मेहमान टीम ने इस जीत के साथ ही पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली है। भारत के 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने दस गेंदें शेष रहते हुए दो विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाकर बाजी अपने नाम कर ली।
इंग्लैंड की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर 52 गेंदों में 83 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा जॉनी बेयरस्टो ने भी 28 गेंदों में 40 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 77 रनों की अटूट साझेदारी की। भारत की तरफ से वाशिंगटन सुंदर सबसे सफल गेंदबाज रहे और 26 रन देकर एक विकेट लिया।
मैच की बात करें तो दर्शकों की गैरमौजूदगी में खेले गए इस मुकाबले में इयोन मॉर्गन ने महत्वपूर्ण टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने एक बार फिर से धारधार गेंदबाजी की और भारतीय टीम के शुरुआती क्रम को ध्वस्त कर दिया। टीम के कप्तान विराट कोहली (77*) को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया और पूरी टीम 156 रन ही बना पाई। इंग्लैंड की तरफ से मार्क वुड ने सर्वाधिक तीन और क्रिस जॉर्डन ने दो विकेट चटकाए।
भारत के 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 12 ओवर में अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं। जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो दोनों की जोड़ी इस वक्त मैदान पर है और तेजी से रन बना रही है। 12 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 102/2, जोस बटलर (63*), जॉनी बेयरस्टो (4*)
वाशिंगटन सुंदर ने एक बार फिर से टीम को सफलता दिलाई है। सुंदर ने मलान को आउट कर एक मजबूत साझेदारी को तोड़ा। 10वें ओवर की चौथी गेंद पर मलान आगे बढ़कर खेलना चाहते थे लेकिन पीछे खड़े ऋषभ पंत ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। वह 17 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर पिछले दोनों मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए थे लेकिन इस बार उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की। बटलर ने महज 26 गेंदों में अपना 11वां अर्धशतक पूरा किया।
कप्तान विराट कोहली ने 37 गेंदों में पूरी की अपनी फिफ्टी, विराट ने मुश्किल परिस्थिति में बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 करियर का 27वां अर्धशतक लगाया।
भारत के लिए एक अच्छा ओवर। विराट कोहली ने आर्चर के इस ओवर में 13 रन आए। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 100/5, विराट कोहली (39*), हार्दिक पांड्या (1*)
भारतीय पारी के आखिरी 30 गेंदें बाकी हैं और भारत की तरफ से अब विराट कोहली और हार्दिक पांड्या की जोड़ी क्रीज पर है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 87/5, विराट कोहली (28*), हार्दिक पांड्या (0*)
विराट कोहली और ऋषभ पंत की जोड़ी एक बड़ी साझेदारी की तरफ बढ़ रही है। 24 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद दोनों ही टीम को संभालने में सफल हुए हैं। 11 के बाद भारत का स्कोर: 62/3
भारत के लिए एक अच्छा ओवर। ऋषभ पंत ने आदिल रशीद की लगातार दो गेंदों पर दो चौके जड़े। 10वें ओवर में आए 11 रन। भारत का स्कोर: 55/3, विराट कोहली (14*), ऋषभ पंत (20*)
टीम इंडिया शीर्ष के तीन विकेट जल्दी गंवाने के बाद अब उबरने की कोशिश में है। टीम के कप्तान विराट कोहली और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। नौ ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर: 44/3, विराट कोहली (13*), ऋषभ पंत (10*)
पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले ईशान किशन इस बार नहीं चल पाए। बल्लेबाजी क्रम बदलने के बाद उन्होंने इस बार महज चार रन बनाए। ईशान को जोर्डन की बाउंसर गेंद पर बटलर ने लपका। छह ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर: 24/3, विराट कोहली (4*), ऋषभ पंत (0*)
भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद अब ईशान किशन और विराट कोहली क्रीज पर हैं। पांच ओवर का खेल समाप्त होने के बाद भारत का स्कोर: 24/2, ईशान किशन (4*), विराट कोहली (4*)
टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को पारी के दूसरे ही ओवर में बड़ा जीवनदान मिला। जोफ्रा आर्चर की दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित ने ड्राइव किया लेकिन गेंद इंग्लैंड के गेंदबाज के हाथों में चली गई। लेकिन आर्चर रोहित के इस कैच को पकड़ने में नाकाम रहे। रोहित को यह जीवनदान चार रन के स्कोर पर मिला।
भारत की तरफ से रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की है जबकि इंग्लैंड की तरफ से एक बार फिर से आदिल रशीद ने गेंदबाजी का भार संभाला है।
इंग्लैंड ने मार्क वुड को टीम में वापस शामिल किया है और टॉम कुरेन को बाहर किया गया है।
प्लेइंग XI:
जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, डेविड मालन, इयोन मोर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, सैम कुरेन, जोफ्रा आर्चर, क्रिस जॉर्डन, आदिल राशिद, मार्क वुड
पिछले मैच में डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव को बाहर किया गया है और उनकी जगह पर रोहित शर्मा की वापसी हुई है।
प्लेइंग XI
रोहित शर्मा, केएल राहुल, इशान किशन, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल
कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुजरात क्रिकेट संघ ने टी-20 सीरीज के आखिरी तीनों मैचों के लिए दर्शकों की एंट्री पर पाबंदी लग दी है। यानी आज और बाकी के मुकाबले दर्शकों के बगैर खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
पिछला टी-20 मुकाबला जीतकर टीम इंडिया के इरादे और हौसले दोनों बुलंद हैं। विराट की अगुवाई में भारतीय टीम अपना दबदबा रखने की कोशिश करेगी।
तीसरे टी-20 के लिए पिच पर लाल मिट्टी रखी गई है। इसपर स्पिनर को मदद मिल सकती है। यहां 160-170 रन का स्कोर चुनौतीपूर्ण होगा। शुरुआत में बल्लेबाजों को संभलकर खेलना होगा।