ढाका में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा बांग्लादेश के 2 युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद खास मैच रहा। धोनी वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया की अगुवाई करने उतरे। वह अब वनडे और टी-20 क्रिकेट में ही टीम इंडिया के कप्तान हैं।
वैसे बांग्लादेश के दो युवा क्रिकेटरों लिट्टन दास और सबीर रहमान ने इस मैच से अपने वनडे करियर का आगाज किया। लिट्टन ने पिछले हफ्ते भारत के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। लिट्टन बांग्लादेश की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले 117वें और रहमान 118वें खिलाड़ी बन गए। दोनों टीमों ने इस मैच में वर्ल्ड कप में एक-दूसरे के आमने-सामने उतरने वाले अपने अंतिम एकादश में कई बदलाव भी किए।
बारिश की संभावनाओं के बीच जब मुकाबला शुरू हुआ तो बांग्लादेश की ओर से तमीम इकबाल और सौम्य सरकार ने गजब की शुरुआत की। उनकी 102 रनों की यह शतकीय शुरुआत कई रिकॉर्ड भी बना गई। उन्हीं की शानदार शुरुआत का नतीजा था बांग्लादेश ने इस मैदान पर टीम इंडिया के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश ने इस मैदान पर 7 जनवरी, 2010 को भारत के खिलाफ 6 विकेट पर 296 रन बनाए थे। हालांकि टीम वह मैच भारत से हार गई थी।