पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के करीबी सूत्रों के अनुसार, उनके बांग्लादेश और भारत के बीच पहले डे-नाइट टेस्ट मैच में कमेंट्री में पदार्पण करने की संभावना नहीं है। भारत इसी महीने बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गॉर्डन में अपना पहला दिन-रात्रि टेस्ट मैच खेलेगा।
पहले कहा जा रहा था कि इस मैच में पूर्व कप्तान धोनी कमेंट्री करते हुए देखे जा सकते हैं। भारत को बांग्लादेश के खिलाफ 22 से 26 नवंबर के बीच यह टेस्ट मैच खेलना है। मैच के प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स ने बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली के सामने दिन-रात्रि टेस्ट मैच के लिए प्रस्ताव रखा था कि पूर्व कप्तानों को कमेंट्री का मौका दिया जाए लेकिन बोर्ड ने अभी जवाब नहीं दिया है।
धोनी ने जुलाई में विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है और बीसीसीआई के अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। 350 वनडे और 90 टेस्ट खेल चुके धोनी ने इंग्लैंड के मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड केखिलाफ अपना आखिरी वनडे खेला था, जो विश्व कप-2019 का सेमीफाइनल मैच था, इसके बाद से वह क्रिकेट मैदान से दूर हैं।
कमेंट्री से होगा हितों का टकराव
इस खिलाड़ी के करीबी सूत्र से जब धोनी के इस मैच में कमेंट्री करने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘धोनी कमेंट्री कर ही नहीं सकते।’ बीसीसीआई के मौजूदा संविधान के अनुसार, धोनी का कमेंट्री करना हितों का टकराव होगा।