क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन और भारतीय टीम के बीच सिडनी में खेला गया पहला चार दिवसीय अभ्यास मैच ड्रॉ रहा। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 358 रन बनाए। जवाब में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन ने अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी के बूते 544 का स्कोर खड़ा करते हुए 186 रन की जबरदस्त लीड बनाई।
पहली पारी के आधार पर 186 रन से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम को मुरली विजय और केएल राहुल ने 109 रन की बढ़िया शुरुआत दिलाई। केएल राहुल 62 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन मुरली विजय एक छोर पर टिके रहे और 132 गेंदों में 16 चौके और 5 छक्कों की मदद से 129 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
भारत का स्कोर जब 44वें ओवर में 211/1 था, तभी मुरली विजय आउट हुए और मैच ड्रॉ हो गया। हनुमा विहारी 15 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश की तरफ से डेनियल फॉलिंस और डार्सी शॉर्ट ने एक-एक विकेट लिया।
इसके पहले तीसरे दिन के स्कोर 356/6 से आगे खेलते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश ने 544 रन बनाए और भारतीय टीम की गेंदबाजी बुरी तरह फ्लॉप हो गई। हैरी नील्सन ने 100 और आरोन हार्डी ने 86 रनों की पारी खेली और सातवें विकेट के लिए 179 रनों की जबरदस्त साझेदारी निभाई।
निचले क्रम में डेनियल फॉलिंस ने 43, ल्यूक रॉबिन्स ने 38* और जैक्सन कोलमैन ने 36 रनों की उपयोगी पारी खेली और मेजबान टीम को 500 के पार पहुंचाया। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी ने तीन, आर अश्विन ने दो और उमेश यादव, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली ने एक-एक विकेट लिया।
याद हो कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा।