भारतीय थिंकटैंक ने रोहित शर्मा की अंतिम एकादश में जगह सुनिश्चित करने के लिए बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया है लेकिन पहले भी ऐसा होता रहा है। इससे पहले 2014 के दौरे में सिडनी में चेतेश्वर पुजारा को ड्रॉप किया गया था। इसके अलावा 2015 के कोलंबो टेस्ट में अजिंक्य रहाणे को तीसरे क्रम पर भेजा गया था। हालांकि रोहित टेस्ट क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में भारत के 250 रन में 37 रन की आक्रामक पारी खेली थी।
स्पिनर के रूप में जडेजा भी शामिल
बल्लेबाजी के अलावा भारतीय टीम में एक बदलाव गेंदबाजी में किया गया है। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह के साथ स्पिनर रविंद्र जडेजा को शामिल किया गया है जो कंधे में खिंचाव की समस्या से निजात पा चुके हैं। चोटिल ऑफ स्पिनर आर अश्विन तीसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं क्योंकि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए अभी उन्हें और समय की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया है। पीटर हैंड्सकॉम्ब की जगह ऑलराउंडर मिचेल मार्श को शामिल किया गया है। मेजबान टीम ने यह बदलाव मेलबर्न की पिच को ध्यान में रखकर किया है जो बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जा रही है। पिछले साल दिसंबर में यहां एशेज सीरीज का मैच ड्रॉ रहा था और आईसीसी ने पिच की खराब रेटिंग दी थी।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।
ऑस्ट्रेलिया : टिम पेन (कप्तान एवं विकेटकीपर), मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शॉन मार्श, मिचेल मार्श, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड।
तकनीकी रूप से दक्ष हैं हनुमा
चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद, ने कहा, 'अगले दो टेस्ट में अगर हनुमा सलामी बल्लेबाज की भूमिका में विफल होते हैं तो भी उन्हें मध्यक्रम में पूरा मौका मिलेगा। विहारी को यह मौका एक अवसर के रूप में लेना चाहिए। तकनीकी रूप से हमें लगा कि विहारी दक्ष हैं। ऐसे कई मौके रहे हैं जब टीम की जरूरत के मुताबिक चेतेश्वर पुजारा ने भी पारी की शुरुआत की है। यह समाधान लंबे समय के लिए नहीं है।'
01: साल में छह शतक लगाने का मौका है विराट कोहली के पास। अगर वह ऐसा करने में सफल रहते हैं तो सचिन के बाद दूसरे भारतीय होंगे। सचिन ने 2010 में सात शतक जड़े थे।
23: विकेट लिए थे 2014 के दौरे में नाथन लियोन ने भारत के खिलाफ जोकि घरेलू सीरीज में किसी ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर का श्रेष्ठ प्रदर्शन है। दो मैचों में 16 विकेट ले चुके लियोन अपना रिकॉर्ड बेहतर कर सकते हैं।
-07 टेस्ट टीम इंडिया ने बॉक्सिंग डे पर खेले हैं, पांच हारे और दो ड्रॉ रहे हैं। जीता कोई नहीं है। पिछला बॉक्सिंग डे मुकाबला 2014 में खेला था जोकि ड्रॉ रहा था।
-12 मैच मेलबर्न में भारत ने खेले हैं जिसमें से सिर्फ दो ही जीते हैं। आठ हारे और दो ड्रॉ रहे हैं।
-13 मैच भारत ने इस साल अभी तक खेले हैं, इनमें से छह जीते और सात हारे हैं।
-40 साल बाद बढ़त का मौका : सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया यदि मेलबर्न टेस्ट जीत जाती है तो वह ऑस्ट्रेलिया में 40 साल बाद 2-1 की बढ़त लेने में सफल होगी। इससे पहले 1977-78 में भारत ने 2-1 की बढ़त ली थी। हालांकि उसने यह सीरीज 3-2 से गंवा दी थी।