चेन्नई के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता के इडन गार्डन्स में खेला जाएगा। सोमवार को दोनों टीमें कोलकाता पहुंच गईं। इससे पहले भारतीय टीम पहले वनडे में 26 रन से जीत हासिल करने के बाद बेहद रिलैक्स नजर आई। पहले मैच में हार का कारण ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने बारिश को बताया और कहा कि बारिश ने हमारी जीत की संभावनाओं को कम कर दिया।
ऐसे में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बृहस्पतिवार को होने वाले दूसरे एकदिवसीय मुकाबले पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। चेन्नई में खेले गए पहले मैच में भी बारिश ने बाधा डाली थी। मौसम विभाग ने दूसरे वनडे में बौछार पड़ने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया है। दूसरी पारी के समय बारिश आने की संभावना जताई जा रही है। जैसा चेन्नई में हुआ था। जब पहली पारी में भारत द्वारा 7 विकेट पर बनाए 281 रन के जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए बारिश के दखल के कारण टारगेट 21 ओवर में 164 रन कर दिया गया था। इस लक्ष्य को कंगारू टीम हासिल नहीं कर पाई।
बंगाल क्रिकेट संघ कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती। बारिश की चुनौती को देखते हुए ईडन गार्डन की पिच को कवर कर दिया गया है। बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने खुद मैदान का निरीक्षण किया और मैदानकर्मियों को निर्देश दिए हैं। क्यूरेटर सुजन मुखर्जी ने कहा कि पिच और मैदान की स्थिति परफेक्ट है लेकिन अभी नहीं कह सकते कि बारिश आएगी या नहीं। इससे पहले कोलकाता ने 18 नवंबर 2003 को ऑस्ट्रेलियाई टीम की मेजबानी की थी।