धर्मशाला में सीरीज जीतने के इरादे से भारतीय सलामी बल्लेबाजों की जोड़ी 106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतर चुकी है। ओपनर के एल राहुल (13) और मुरली विजय (3) बनाकर खेल रहे हैं। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने बिना किसी नुकसान के 19 रन बना लिए हैं। भारत को जीत के लिए अभी भी 87 रन चाहिए।
इससे पहले तीसरे दिन दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम की 137 रन पर ही ढेर हो गई। पारी की शुरुआत करने उतरे ओपनर डेविड वॉर्नर का इस सीरीज में फ्लॉफ प्रदर्शन जारी रहा वह 6 रन ही बना सके।
वॉर्नर को उमेश यादव ने आउट किया। पहली पारी में शतक लगाने वाले कप्तान स्टीव स्मिथ दूसरी पारी 17 रन के मामूली स्कोर पर भुनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हो गए। स्मिथ के आउट होने के बाद ओपनर रेनशॉ भी कुछ ज्यादा देर तक नहीं टिके और उमेश यादव का शिकार बने। रेनशॉ ने 33 गेंदों में 8 रन बनाए। अश्विन ने हैंडसकौंब को 18 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद पांचवां विकेट शॉन मार्श (1) के रुप में गिरा।
मार्श के आउट होते ही आधी मेहमान टीम वापस पवेलियन लौट गई। इसके बाद पुछल्ले बल्लेबाजों ने टीम को निराश किया और मेहमान टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई। भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने 3, रविचंद्रन अश्विन ने तीन और उमेश यादव ने 3 और भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट हासिल किया।
इससे पहले भारत ने पहली पारी में 32 रन की बढ़त बनाई थी। भारत के रविंद्र जडेजा ने 63, केएल राहुल ने 60 और चेतेश्वर पुजारा ने 57 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान रहाणे ने 46, साहा ने 31 और अश्विन ने 30 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लायन ने 5 विकेट चटकाए। कमिंस को 3 तथा स्टीव ओ'कीफ और हेजलवुड के 1-1 विकेट मिला।
LIVE SCORE
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में कप्तान स्टीव स्मिथ के शतक के दम पर 300 रन बनाए। वेड ने 57 और वॉर्नर में 56 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 4, उमेश यादव ने 2 तथा अश्विन, जडेजा और भुवनेश्वर ने 1-1 विकेट लिया।
टीम इंडिया इस मैच को गंवाना नहीं चाहेगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया भी भारतीय उपमहाद्वीप पर लंबे समय बाद टेस्ट सीरीज जीतकर हार का सूखा खत्म करना चाहेगी।