फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

INDvAFG: पहले दिन का खेल खत्म, टीम इंडिया के विशाल स्कोर के बाद अफगानिस्तान की मैच में वापसी

Thu, 14 Jun 2018 06:11 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
afghanistan cricket team
विज्ञापन

टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक 78 ओवर में 6 विकेट खोकर 347 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 10* और रविचंद्रन अश्विन 7* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया एक समय मजबूत स्थिति में दिखी लेकिन अफगानिस्तान ने मैच में वापसी करते हुए टीम इंडिया के पहले दिन 6 विकेट चटका दिए।

विज्ञापन


बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऐतिहासिक टेस्ट में गुरुवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शिखर धवन (107) और मुरली विजय ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने अफगानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और लंच तक स्कोर 150 रन के पार कर दिया। मुरली विजय ने अफगानिस्तान के मीडियम पेसर वफादार की गेंद पर कवर के ऊपर से चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। विजय ने सिर्फ 148 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और एक छक्के की मदद से अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक पूरा किया।

धवन एकदम गब्बर मोड में नजर आए और उन्होंने केवल 87 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 18 चौके और तीन छक्के जड़े। बता दें कि टेस्ट मैच के पहले सेशन में शतक पूरा करने वाले शिखर धवन टीम इंडिया के पहले जबकि विश्व के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। यहीं नहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज भी शिखर धवन ही बने।
विज्ञापन


हालांकि, लंच के बाद शतकवीर धवन का ध्यान भटका और वह यासीन अहमदजाई की गेंद पर स्लिप में मोहम्मद नबी को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। बहरहाल, यासीन अहमदजाई ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है। वह अफगानिस्तान की तरफ से पहला टेस्ट विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

इसके बाद क्रीज पर मुरली विजय का साथ देने उतरे केएल राहुल ने भी अपने हाथ दिखाए। राहुल ने शानदार पारी खेलते हुए मुरली विजय के साथ शतकीय पारी निभाई। हालांकि शतकीय साझेदारी पूरी होने के बाद अफगानिस्तान की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए दोनों खिलाड़ियों को जल्दी ही मैदान से चलता कर दिया।

मुरली विजय (105) को वफादार ने एलबीडब्लू आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। अगले ही ओवर में केएल राहुल 54 रन के स्कोर पर यामीन अहमदजाई की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। केएल राहुल ने अपनी पारी में 64 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौकों की मदद से 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद 67 ओवर की तीसरी गेंद पर राशिद खान ने कप्तान रहाणे को LBW आउट किया। वह मात्र 10 ही रन बना पाए। वहीं, इसके कुछ ही देर के बाद 70वें ओवर की पांचवी गेंद पर मुजीब उर रहमान ने पुजारा (35) को मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद 75वें ओवर की पांचवी गेंद पर दिनेश कार्तिक 22 गेंदों पर मात्र 4 रन बनाकर रनआउट हुए।


गौरतलब है कि इस ऐतिहासिक टेस्ट में टीम इंडिया के कई महत्वपूर्ण खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले रहे हैं। कप्तान विराट कोहली की गैर मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभालेंगे। इसके अलावा तेज गेंदबाज के तौर पर भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की भी कमी टीम इंडिया को खलेगी। स्टार खिलाड़ियों के न खेलने की वजह से बाकी खिलाड़ियों के पास यह एक अच्छा मौका है अपने आप को साबित करने और इंग्लैंड दौरे के लिए अपनी जगह पक्की करने का।

वहीं अफगानिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट मैच में विश्व की नंबर एक टीम का सामना करना एक बड़ी चुनौती होगी। हालांकि अफगानिस्तान के पास मुजीब उर रहमान, राशिद खान,मोहम्मद नबी और मोहम्मद शहजाद जैसे कई ऐसे शानदार खिलाड़ी हैं जो किसी भी वक्त मैच रुख बदलने का दम रखते हैं।

इस प्रकार हैं दोनों टीमें:

टीम इंडिया: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर),  हार्दिक पांड्या, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, शिखर धवन, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजया

अफगानिस्तान: मोहम्मद शहजाद, जावेद अहमदी, रहमत शाह, असगर स्टेनिकजई (कप्तान), हाशमतुल्ला शाहिदी, मोहम्मद नबी, अफसर जजाई (विकेटकीपर), राशिद खान, यामीन अहमदजई, वफादार, मुजीब उर रहमान

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें