कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन के शतकों की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को 403 रनों का लक्ष्य दिया। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार किया है और वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया है। भारत के लिए इस मैच में गिल और ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और दोनों बल्लेबाजों ने शतक लगाए।
वनडे में किसने कितनी बार बनाए 400+ रन
- भारत ने वनडे में आठवीं बार 400+ रन बनाए जो संयुक्त रूप से सर्वाधिक है।
- भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका ने भी वनडे में आठ बार 400+ रन बनाए हैं।
- वहीं, इंग्लैंड ने सात बार वनडे में 400 रनों का आंकड़ा पार किया है।
- वनडे विश्व कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार 400+ का स्कोर पार किया है।
भारत ने 42 रन के अंदर गंवाए आखिरी छह विकेट
एक समय भारतीय टीम 450 रन का आंकड़ा पार करने की स्थिति में दिखाई दे रही थी, लेकिन गिल और ईशान के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को लगातार झटके दिए। गिल जब आउट हुए उस वक्त भारत का स्कोर चार विकेट पर 360 रन था। यानी भारत ने आखिरी के छह विकेट 42 रन के अंदर गंवाए। यह पहली बार है जब वनडे में कोई टीम 400+ रन बनाने के बावजूद ऑलआउट हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन गिल ने बनाए जो 154 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा ईशान ने 125 रनों की पारी खेली। गिल और ईशान के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की साझेदारी हुई। इन दोनों के अलावा रोहित शर्मा 48, श्रेयस अय्यर 26 और वाशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि राशिद खान को तीन सफलता मिली। वहीं, ए.एम. गजनफर और मोहम्मद सलीम सैफी को एक-एक विकेट मिले।
भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ सर्वोच्च टोटल
भारत ने इस तरह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में अपना सर्वोच्च टोटल बनाया। इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा टोटल खड़ा करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है जिसने 2015 में छह विकेट पर 417 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड ने 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 397 रन और श्रीलंका ने 2024 में तीन विकेट पर 381 रन बनाए थे।