अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शनिवार को भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 51 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली। इस शानदार पारी का श्रेय अफगानिस्तान के इस बल्लेबाज ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर को दिया है। गुरबाज ने बताया कि न्यू चंडीगढ़ में हुए टेस्ट मैच के बाद गौतम गंभीर के साथ हुई बातचीत से उन्हें अपने शॉट चयन को बेहतर बनाने में मदद मिली। गुरबाज ने इस पारी में आठ छक्के और इतने ही चौके लगाए। शानदार शॉट्स खेलते हुए गुरबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया, जो किसी अफगानी बल्लेबाज का सबसे तेज वनडे शतक था।
एक शतक से गुरबाज ने तोड़े कई रिकॉर्ड
- नौवां वनडे शतक बनाया रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपने करियर का।
- 48 गेंद में सबसे तेज शतक का मोहम्मद शहजाद (72 गेंद) का अफगानी रिकॉर्ड तोड़ा।
- आठ छक्के लगाए जो वनडे मैच में अफगानिस्तान के लिए दूसरा श्रेष्ठ प्रदर्शन है।
- सातवां शतक विकेटकीपर के तौर पर बनाया, जो 25 साल से कम उम्र में क्विंटन डिकॉक (13 शतक) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा हैं।
गुरबाज ने कहा, भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद मेरी गौतम गंभीर सर के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई थी। उस चर्चा से मुझे सच में मदद मिली। मैंने नेट्स में उन सुझावों पर काम किया और मैं उस मार्गदर्शन के लिए बहुत आभारी हूं। जब टेस्ट मैच खत्म हुआ, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अपने शॉट चयन को बेहतर बनाना चाहता हूं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए और मैं उन्हें लागू कर पाया। मैंने बस सकारात्मक खेलने की कोशिश की और यह मेरे लिए कारगर रहा।
रणनीति के बारे में किया खुलासा
अपनी रणनीति के बारे में बात करते हुए गुरबाज ने कहा, मैं इस प्रदर्शन के लिए आभारी हूं। मुझे लगता है कि रणनीति बहुत सरल और आसान थी, बस सकारात्मक क्रिकेट खेलना। हमें पता था कि यह 25 ओवर का गेम है, लेकिन मैं अपने खेल को भी जानता हूं। मैंने बस खुद पर भरोसा किया और टीम के लिए खेला। योगदान देकर अच्छा लगा। अपने देश के लिए कुछ करना और सभी को गौरवान्वित करना हमेशा अच्छा लगता है। मुझे अपनी ट्रेनिंग और तैयारी पर भरोसा है। मैं कड़ी मेहनत करता हूं और यह पारी उसी कड़ी मेहनत का नतीजा है। मैं बहुत आभारी हूं। भारत में भारत के खिलाफ शतक लगाना खास बात है, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, यह मेरी मेहनत का फल है।
डेब्यू पर चमके बरार और हर्ष
गुरबाज की शानदार पारी के बावजूद, भारत के डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए जिससे भारतीय टीम यह मुकाबला जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने में सफल रही। अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में भारत ने 22.5 ओवरों में सात विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।