भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि सोमवार को एशियन गेम्स के क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ बारिश, सीमित अभ्यास और असहज तैयारी उनकी टीम के सामने बहाने नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि एक पेशेवर टीम को अपने सामने आने वाली किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। नागोया में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश ने कहर बरपाया है जिससे नॉकआउट चरण के लिए भारत की तैयारियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
बारिश के कारण तैयारी हुई प्रभावित
हाल में उनका एकमात्र मैच अभ्यास जापान के खिलाफ बारिश के कारण पांच पांच ओवर कर दिया गया जिसमें भारत ने महज दो रन से जीत दर्ज की। इस करीबी जीत से चिंताएं बढ़ी होंगी, लेकिन अय्यर परिस्थितियों पर ध्यान देने के मूड में नहीं थे। अय्यर ने कहा, हम बारिश को वजह नहीं बता सकते क्योंकि हम पेशेवर खिलाड़ियों का एक समूह हैं। ऐसी बाधाएं आती रहती हैं और मानसिक रूप से हमें इस बात की परवाह किए बिना तैयार रहना होगा कि स्थिति कैसी होने वाली है। हमें बल्लेबाजी और अभ्यास के लिए पर्याप्त समय मिला। हम विकेट के अनुसार जल्दी ढलने की कोशिश करेंगे और देखेंगे कि मौसम कैसा है। यह दूसरी प्राथमिकता है। प्राथमिक बात मैच खेलना है।
श्रेयस बोले- हमारा लक्ष्य गोल्ड जीतना
श्रेयस अय्यर ने कहा कि हम किसी भी टीम को कम नहीं आंक रहे। हमारा लक्ष्य गोल्ड जीतना है। अय्यर ने कहा, जापान में आकर हमें बहुत अच्छा लगा। यहां के लोगों में अनुशासन है। यहां लोग निर्देशों का सही तरीके से पालन करते हैं। हम जापान की टीम के साथ खेलने के लिए टोक्यो में थे, इसलिए हमें अभ्यास का ज्यादा मौका नहीं मिला। हमें एक्सप्लोर करने का ज्यादा अवसर नहीं मिला है। नागोया भी अच्छी सिटी है। एशियन गेम्स को देखते हुए जिस तरह की तैयारी यहां की गई, वो बेहतरीन है। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आप पर शीर्ष पर रहने का हमेशा दबाव होता है। लेकिन ये अच्छा दबाव है। हम ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। हमने एक टीम के तौर पर एक मानक निर्धारित किया है और हमेशा उसे छूने की कोशिश करते रहते हैं।
एशियन गेम्स की अहमियत पर श्रेयस ने कहा, सारे मैच हमारे लिए अहम होते हैं। हर मैच से हमें अभ्यास मिलता है और नई टीमों के साथ खेलने का अवसर मिलता है। क्रिकेट का विकास हो रहा है, जो हमारे लिए अच्छा है। हमें खेलने के मौके मिल रहे हैं। अभी एशियन गेम्स हैं, आगे और भी मौके मिलेंगे। हमें अच्छी फिटनेस और मनोदशा बनाकर रखनी होगी।
अय्यर ने कहा कि एशियन गेम्स में हर खेल में देश का प्रतिनिधित्व करने आए हर एथलीट को भारतीय क्रिकेट टीम का समर्थन प्राप्त है। मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में खेलना एक अलग ही अनुभव होता है। हमें सभी को इसका फायदा उठाना चाहिए। जापान बहुत ही सुंदर देश है। मुझे लगता है कि सब कुछ अच्छा होगा। उन्होंने कहा, बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलना और देश की कप्तानी करना सम्मान की बात है। हमारे साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है। हमारी कोशिश गोल्ड जीतने की है।