भारतीय कप्तान विराट कोहली ने युवा ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैट रेनशॉ को बंगलूरू टेस्ट के दूसरे दिन ‘टॉयलेट ब्रेक’ लेने के लिए इशारा किया। हालांकि रेनशॉ ने इस पर कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं दी और हंस पड़े।
रेनशॉ ने कहा, ‘मैं सिर्फ उनके (विराट) इशारे का आनंद ले रहा था क्योंकि जो उन्होंने किया, वह मजाक ही था। वह मुझे याद दिला रहे थे कि टॉयलेट ब्रेक लो, जैसा मैंने पुणे में किया था, इसलिए मुझे इस पर हंसी आई।
मुझे लगता है कि जवाबी पलटवार करने से बेहतर मुस्कुराना होता है क्योंकि इससे ही गेंदबाज हतोत्साहित हो सकता है।’ पुणे टेस्ट के दौरान रेनशॉ टॉयलेट ब्रेक लेकर मैदान से बाहर चले गए थे। दूसरे दिन दोनों टीमों के कप्तानों विराट कोहली और स्टीव स्मिथ के बीच भी हल्की जुबानी नोंकझोंक भी देखने को मिली।