यशस्वी जयसवाल (173) और वैभव कांडपाल (120) की शानदार शतकीय पारियों से भारतीय अंडर-19 टीम ने दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ दूसरे युवा टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 395 रन बनाए। इससे भारतीय टीम को 243 रन की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद स्टंप तक मेजबान टीम ने 50 रन पर मेहमान टीम के दो विकेट झटककर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
मैथ्यू 34 और एंडिले दस रन बनाकर क्रीज पर थे। दक्षिण अफ्रीका 193 रन दूर है, जबकि उसके आठ विकेट शेष है। सुबह भारत ने अपनी पारी दो विकेट पर 112 रन से आगे बढ़ाई। यशस्वी और वैभव ने छठे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचया।
यशस्वी ने अपनी पारी में 220 गेंदों का सामना कर 24 चौके और एक छक्का और वैभव ने 172 गेंदों में 17 चौके और दो छक्के जड़े। अंशुल कंबोज ने 30 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लिफा एनटांजी ने चार और मैथ्यूज मोंटगोमरी ने तीन विकेट चटकाए। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 152 रन बनाए थे।