श्रीलंका में शुरू हुआ टीम इंडिया का विजय रथ कोलकाता में भी आकर नहीं रुका। ईडन गार्डन्स में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को 50 रन से मात देकर वनडे में लगातार आठवीं जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 253 रन का लक्ष्य दिया था। लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 43.1 ओवर में 202 रन पर ढेर हो गई।
इस जीत के कारण पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली इसके साथ ही आईसीसी वन-डे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका से पीछे नंबर-2 पर भी पहुंच गई। रैंकिंग में नंबर एक पायदान पर बन रहने के लिए टीम इंडिया को सीरीज 4-1 के अंतर से अपने नाम करनी होगी। नई रैंकिंग के अनुसार दक्षिण अफ्रीका पहले और टीम इंडिया दूसरे व ऑस्ट्रेलिया तीसरे पायदान पर पहुंच गया है। इंग्लैंड चौथे और न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर है।
ये भी पढ़ें : टीम इंडिया की दूसरे वन-डे में जीत के ये बने 5 'हीरो'
भारतीय टीम की ये लगातार 8वीं वनडे जीत है। विराट कप्तानी में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 5-0 से मात दी और अब सीरीज में 2-0 से आगे है। इन दोनों सीरीज से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। विराट कोहली के पास इंदौर में सीरीज वन-डे में जीत हासिल कर धोनी के लगातार 9 वन-डे मैचों में जीत के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका है। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने नबंबर 2008 से फरवरी 2009 के बीच लगातार 9 वनडे मैचों में जीत हासिल की थी।
टीम इंडिया पहले टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज है। उसके पास इस घेरलू सीजन में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को मात देकर तीन फॉर्मेट में एक साथ नंबर वन बनने का मौका है।