भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन की एसेक्स के खिलाफ अभ्यास मैच में विफलता ने एक अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में सलामी जोड़ी को लेकर उलझन पैदा कर दी है। दो पारियों में बाएं हाथ के बल्लेबाज धवन खाता भी नहीं खोल पाए। पहली पारी में पहली गेंद पर आउट हो गए जबकि दूसरी पारी में तीसरी गेंद पर विकेट गंवा दिया।
भारतीय टीम धवन और मुरली विजय के साथ लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन की योजना पर काम कर रहा था लेकिन भारतीय थिंक टैंक को अब प्लान बी पर विचार करना पड़ सकता है। एक छोर पर मुरली विजय 58 रन की पारी के साथ ज्यादा संघर्ष करते नजर नहीं आ रहे और ओपनिंग के अन्य विकल्प लोकेश राहुल ने दोनों पारियों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
पहली पारी में राहुल ने 58 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में बतौर ओपनर नाबाद 36 रन की पारी खेली। अगर आठ रन पर दिए एक कैच के चांस को छोड़ दें तो लोकेश राहुल ने सीधे बल्ले से खेलने के प्रयास में सफल रहे हैं। अगर तीन दिवसीय अभ्यास मैच के अंतिम दिन बारिश नहीं आई होती तो वह लगातार दो अर्द्धशतक लगाकर अपनी फॉर्म को और पुख्ता कर सकते थे।
राहुल ने पहली पारी में मध्यक्रम में खेलते हुए अर्द्धशतकीय पारी खेलकर एक बार फिर यह दर्शाया है कि वह किसी भी क्रम पर खेल सकते हैं। ऐसे में वह टीम प्रबंधन की योजनाओं का अहम हिस्सा है। मुरली विजय और लोकेश राहुल ओपनिंग पर उतर सकते हैं, पुजारा नंबर तीन पर आ सकते हैं।