टीम इंडिया जिंबाब्वे में 24 जुलाई से तीन अगस्त के बीच पांच वनडे खेलेगी ये मुकाबले हरारे और बुलावायो में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस कार्यक्रम की पुष्टि कर दी है।
पहले तीन वनडे हरारे स्पोर्ट्स क्लब में 24, 26 और 28 जुलाई को खेले जाएंगे जबकि अंतिम दो वनडे बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में 31 जुलाई और तीन अगस्त को होंगे।
इससे पहले मीडिया में रिपोर्ट आई थी कि भारत इस दौरे के लिए दोयम दर्जे की टीम भेज सकता है। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा और कई अन्य खिलाड़ियों को इस दौरे के लिए आराम दिए जाने की संभावना है।
भारत ने 1992 के बाद से जिम्बाब्वे में 20 वनडे खेले हैं जिनमें से उसने 12 जीते हैं और आठ हारे हैं। सुरेश रैना की अगुवाई में भारत की दोयम दर्जे की टीम ने 2010 में जिम्बाब्वे का दौरा किया था और वहां त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा लिया था। इसमें मेजबान के अलावा श्रीलंका भी शामिल था। हालांकि टीम इंडिया फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही थी।
11 जुलाई को वेस्ट इंडीज में त्रिकोणीय सीरीज के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे का दौरा करेगी।