फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: भारत ए टीम से नौ चेहरों को मिली इंग्लैंड दौरे के लिए सीनियर टीम में जगह, सरफराज-हर्षित शामिल नहीं

Sat, 24 May 2025 02:07 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारतीय सीनियर टीम में ऐसे नौ चेहरों को जगह मिली है जो इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए टीम का भी हिस्सा हैं, इनमें गिल और साई सुदर्शन भी शामिल हैं जो भारत ए टीम के लिए सिर्फ दूसरे टेस्ट में खेलेंगे।
विज्ञापन
सरफराज खान और हर्षित राणा - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए शनिवार को भारतीय सीनियर टीम का एलान हो गया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये टीम की घोषणा की। भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर शुभमन गिल की अगुआई में जाएगी। गिल को रोहित शर्मा की जगह टेस्ट प्रारूप का नया कप्तान बनाया गया है। 
विज्ञापन
Trending Videos

भारत ए टीम को खेलने हैं दो टेस्ट 
सीनियर टीम के दौरे से पहले भारत ए टीम को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो टेस्ट खेलने हैं जिसके लिए कुछ दिनों पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम घोषित की थी। भारतीय सीनियर टीम में ऐसे नौ चेहरों को जगह मिली है जो इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए टीम का भी हिस्सा हैं, इनमें गिल और साई सुदर्शन भी शामिल हैं जो भारत ए टीम के लिए सिर्फ दूसरे टेस्ट में खेलेंगे। 

भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच ये दो मुकाबले कैंटरबरी और नॉर्थम्पटन में खेले जाएंगे। इस दौरे का अंत भारत की सीनियर टीम के खिलाफ मैच के साथ होगा। भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच पहला मुकाबला 30 मई से दो जून तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला छह से नौ जून तक नॉर्थम्पटन में होगा। इसके बाद टीम 13 से 16 जून तक इंट्रा स्क्वाड मैच खेलेगी। इसके बाद 20 जून से भारत और इंग्लैंड की सीनियर टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। 

भारत ए टीम से 11 खिलाड़ियों को नहीं मिला मौका 
जिन नौ चेहरों को भारत ए के साथ-साथ सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है उनमें गिल, अभिमन्यु ईश्वरन, यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, आकाश दीप और साई सुदर्शन शामिल हैं। इस टीम में सरफराज खान और हर्षित राणा सहित 11 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें भारत ए टीम के लिए तो चुना गया, लेकिन सीनियर टीम में जगह नहीं बना सके। 

सरफराज और हर्षित के अलावा ईशान किशन, मानव सुथार, तनुष कोटियान, मुकेश कुमार, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, तुषार देशपांडे और हर्ष दुबे वो खिलाड़ी हैं जिन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह नहीं मिली है। सरफराज और हर्षित का सीनियर टीम में ना चुना जाना थोड़ा हैरानी भरा है क्योंकि ये दोनों खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के दावेदार थे। सरफराज और हर्षित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन इंग्लैंड दौरे पर उन्हें सिर्फ भारत ए टीम में चुना गया। 
विज्ञापन

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: 
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर/उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें