भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में मिली जीत के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी पर बड़ा अपडेट दिया है। भारत ने बर्मिंघम में इंग्लैंड को 336 रनों से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। बुमराह कार्यभार प्रबंध के कारण इस मैच में नहीं खेले थे और उनकी जगह आकाश दीप को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था।
बुमराह की जगह आकाश दीप को मिला था मौका
बुमराह ने इस सीरीज से पहले ही इस बात की पुष्टि कर दी थी कि वह इस दौरे पर सिर्फ तीन टेस्ट मैच में ही खेलेंगे। बुमराह लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में खेले थे और उन्होंने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन भी किया था। उन्हें दूसरे टेस्ट मैच से आराम दिया गया था और उनकी जगह खेलने उतरे आकाश दीप ने बर्मिंघम में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 विकेट लिए जिसमें दूसरी पारी में छह विकेट लेना शामिल है।
बर्मिंघम में मिली जीत के बाद गिल ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि बुमराह 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच में उपलब्ध रहेंगे। मैच के बाद गिल से पूछा गया कि क्या बुमराह तीसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे? इस पर भारतीय कप्तान ने हंसकर जवाब दिया, हां जरूर। पहले मैच के बाद हमने जिन चीजों पर बात की थी, हम उसी के तहत आगे बढ़ रहे हैं। हमारी गेंदबाजी और फील्डिंग अच्छी रही। हमें पता था कि इस पिच पर अगर हम 400-500 रन बनाते हैं तो मैच में बने रहेंगे। हर वक्त हम ज्यादा कैच नहीं छोड़ते हैं।
गिल बोले- बल्लेबाज की तरह ही खेलना चाहता हूं
गिल ने कहा, इस तरह के विकेट पर गेंदबाजी करना आसान नहीं होता है। अपने बारे में कहूं तो मैं इस मैच में काफी आराम से खेल रहा था। अगर मेरे योगदान से हम यह सीरीज जीतते हैं तो मुझे काफी खुशी होगी। मैंने पहले भी कहा है कि मैं एक बल्लेबाज के तौर पर खेलना चाहता हूं और बल्लेबाज की ही तरह सोचना चाहता हूं।
मैच का हाल
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने दूसरे टेस्ट मैच में बल्ले के बाद गेंद से भी दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे और इंग्लैंड को 407 रन पर आउट कर 180 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। भारत ने शुभमन गिल के शतक की मदद से दूसरी पारी छह विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित की थी और कुल 607 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड के सामने 608 रनों का लक्ष्य रखा था। इंग्लैंड की दूसरी पारी पांचवें दिन 271 रन पर ऑलआउट हुई और भारत ने जीत हासिल की।