ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप के वार्म-अप में पाकिस्तान से हारने वाली भारतीय टीम को ग्रुप ‘ए’ के अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को हराने में पसीने छूट गए। भारतीय टीम भले ही यह मैच 23 रन से जीत गई लेकिन उसके प्रदर्शन में खिताब जीतने वाली टीम बनने का दम नजर नहीं आया। टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
अफगान गेंदबाजों ने स्टार भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। लेकिन विराट कोहली के शानदार पचासे से भारतीय टीम पांच विकेट पर 159 रन तक पहुंचने में सफल रही। कोहली ने 39 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों के साथ 50 रन की पारी खेली। कोहली ने जल्द दो विकेट गिरने के बाद तीसरे विकेट के लिए युवराज सिंह (18) के साथ 46 रन की साझेदारी निभाई।
कोहली ने चौथे विकेट के लिए सुरेश रैना के साथ भी 46 रन जोड़े। रैना 33 गेंदों में छह चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवरों में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नौ गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ नाबाद 18 रन बनाए।
हालांकि भारतीय टीम के ओपनर गौतम गंभीर (10) और वीरेंद्र सहवाग (08) एक बार फिर फ्लाप साबित हुए। दोनों बल्लेबाजों को तेज गेंदबाज शापोर जादरान ने पेवेलियन भेजा। यदि अफगानिस्तान के फील्डर तीन आसान कैच न टपकाते तो टीम इंडिया का स्कोर बेहद कम होता। अफगानिस्तान ने रैना के दो और विराट कोहली का एक कैच टपकाया।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम 19.3 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। टीम के लिए मोहम्मद नबी ने 17 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 31 रन की पारी खेली। करीम सादिक ने 26 गेंदों में तीन चौकों के साथ 26 रन बनाए। भारत के लिए युवराज सिंह और एल बालाजी ने सर्वाधिक तीन-तीन विकेट चटकाए।