आईसीसी महिला विश्वकप का आगाज गुरूवार से भारत में होने जा रहा है। विश्वकप की शुरुआत कटक के स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले से हो्गी। विश्वकप में पाकिस्तान टीम के शामिल होने से टूर्नामेंट की सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता की गई है।
इस टूर्नामेंट के अधिकतर मैच मुंबई और कटक के विभिन्न स्टेडियमों में होंगे। महिला विश्वकप के ग्रुप ए के मुकाबले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के ब्रेबोर्न स्टेडियम, एमआईजी क्लब तथा बांद्रा कुर्ला काम्पलैक्स में आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रुप बी में शामिल ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के मुकाबले कटक में होंगे।
पिछले विश्वकप में तीसरे स्थान पर रही टीम इंडिया अपने पहले मुकाबले में गुरूवार को वेस्टइंडीज से भिड़ेगी। उसके बाद दूसरा मुकाबला तीन फरवरी को तीन बार की चैंपियन इंग्लैंड से और तीसरा मुकाबला छह फरवरी को श्रीलंका से होगा।
विश्व की नंबर एक बल्लेबाज भारतीय कप्तान मिताली राज ने टीम इंडिया के खिताब जीतने की उम्मीद जताई है। भारतीय टीम पर अपने होम ग्राउंड में विश्वकप जीतने का काफी दबाव होगा। वहीं, लगातार पांचवीं बार विश्वकप खेल रही इंग्लैंड की कप्तान कैरोलेट एडवर्ड्स अपनी टीम को चौथी बार विश्वकप खिताब अपने नाम करने के लिए मैदान पर एड़ी चोटी का जोर लगाएंगी।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 फरवरी को मुम्बई के ब्राबोर्न स्टेडियम में होगा। इस 10वें विश्वकप में आठ टीमें भाग ले रही हैं। मेजबान भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, मौजूदा चैम्पियन इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें खिताबी जीत के लिए प्रयास करेंगी।