न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को 87 रनों से करारी शिकस्त दी। 260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 10 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला भी टूट गया। रनों के लिहाज से यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले साल 2026 में ही इंग्लैंड ने भारत को 125 रनों से हराया था। लगातार तीन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम को चौथे मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में निराशा हाथ लगी।
ईशान किशन-संजू सैमसन
- फोटो : ANI
भारतीय बल्लेबाज नहीं दिखा सके दम
260 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन महज चार रन बनाकर आउट हो गए, जबकि ईशान किशन अपना खाता भी नहीं खोल सके। अभिषेक शर्मा भी 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। श्रेयस अय्यर ने 11 गेंदों में 22 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। अक्षर पटेल सात और नीतीश कुमार रेड्डी 21 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा भारतीय पारी के सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 35 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने 28 रनों का योगदान दिया। प्रिंस यादव 18 रन बनाकर नाबाद लौटे। हालांकि, भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच सके।
ग्लेन फिलिप्स
- फोटो : ANI
ग्लेन फिलिप्स और ब्रेसवेल ने मचाया धमाल
इससे पहले न्यूजीलैंड ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए। टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 49 गेंदों में 107 रन ठोक दिए। उनकी पारी में कई शानदार छक्के देखने को मिले।
माइकल ब्रेसवेल ने भी भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 65 रन बनाए। इसके अलावा फिन एलन ने 17 गेंदों में 31 और डेरिल मिचेल ने 9 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। फिलिप्स और ब्रेसवेल की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड की पारी में 16 छक्के जड़े। फिलिप्स ने नीतीश कुमार रेड्डी के एक ओवर में लगातार चार छक्के लगाते हुए कुल 32 रन बटोरे। इस ओवर ने भारतीय गेंदबाजी की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
जैकब डफी
- फोटो : ANI
जैकब डफी ने झटके चार विकेट
बल्लेबाजी के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जैकब डफी ने 23 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए और भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। कप्तान मिचेल सैंटनर और मैथ्यू फिशर ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही भारतीय टीम को शुरुआती झटके देकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : ANI
कप्तान ने गेंदबाजी पर उठाए सवाल
- मैच में हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी यूनिट के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि भारतीय गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड को लय हासिल करने का मौका मिल गया।
- अय्यर ने कहा, 'हम गेंदबाजी में पीछे रह गए। खासकर पावरप्ले के दौरान तीसरे ओवर में उन्होंने लय हासिल कर ली। ग्लेन ने कुछ असाधारण शॉट खेले। हमें इस प्रदर्शन की समीक्षा करनी होगी और यह देखना होगा कि वापसी कैसे की जाए। मुझे लगता है कि हमें फिर से शुरुआत से योजना बनाकर उस पर अमल करना होगा।'
- ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान की छोटी बाउंड्री और अलग-अलग आयामों को लेकर भी अय्यर ने बात की। उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों के लिए यह मैदान नया था और यहां की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना आसान नहीं था। हालांकि, उन्होंने शुरुआती तीन मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन को शानदार बताते हुए इसे सीखने का अच्छा अनुभव भी कहा।
मिचेल सैंटनर
- फोटो : PTI
सैंटनर ने की न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की तारीफ
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि पावरप्ले में विकेट हासिल करना उनकी टीम के लिए अहम साबित हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी करना जरूरी था और उनकी टीम ने योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया।
सैंटनर ने माइकल ब्रेसवेल की बल्लेबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि ब्रेसवेल ने क्रीज पर आते ही आक्रामक रुख अपनाया और टीम को 260 रनों के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, शतकवीर ग्लेन फिलिप्स ने पिच को बल्लेबाजी के लिए शानदार बताया। उन्होंने कहा कि विकेट पर स्ट्रोक खेलना आसान था और उनकी टीम ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया।
भारतीय टीम
- फोटो : ANI
आखिरी मुकाबले में वापसी पर होगी भारत की नजर
इस मुकाबले में हार के बावजूद भारत सीरीज में पहले ही बढ़त हासिल कर चुका था, जबकि न्यूजीलैंड की टीम सीरीज गंवा चुकी है। चौथे टी20 में मिली हार ने भारतीय टीम की गेंदबाजी और बड़े लक्ष्य का पीछा करने की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब भारतीय टीम की कोशिश आखिरी मुकाबले में जीत के साथ सीरीज का समापन करने की होगी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम चौथे मैच के शानदार प्रदर्शन से मिले आत्मविश्वास को बरकरार रखना चाहेगी।