चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं, फैंस के मन में टीम चयन को लेकर उत्सुकता और बढ़ती जा रही है। 'मिनी वर्ल्ड कप' के नाम से जाना जाने वाला यह टूर्नामेंट 19 फरवरी से पाकिस्तान और यूएई में खेला जाएगा। इसके लिए अभी तक भारतीय टीम का एलान नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज हार के बाद चयनकर्ताओं के पास सोचने को काफी कुछ है। हालांकि, टेस्ट और वनडे में काफी अंतर है और अजीत अगरकर की अगुआई में चयनकर्ता इसके लिए जल्द ही टीम का एलान कर सकते हैं। हालांकि, पिछले साल जून के बाद भारतीय टीम ज्यादा वनडे खेली नहीं है।
12 जनवरी टीम के एलान की अंतिम तारीख
भारतीय टीम
- फोटो : @ImRo45
गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद भारतीय टीम सिर्फ एक वनडे सीरीज खेली है और उसमें भी श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया को हार मिली थी। तब चयनकर्ताओं ने बहुत नई टीम चुनी थी। हालांकि, चैंपियंस ट्ऱॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए चयनकर्ता ज्यादा प्रयोग करने के पक्ष में नहीं होंगे। रोहित शर्मा का कप्तान बनना तय है, लेकिन बाकी खिलाड़ियों पर अभी भी संशय है। सबकी नजर जसप्रीत बुमराह की चोट पर है, क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का अभियान काफी हद तक उन पर निर्भर होगा। इसके अलावा मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या की वापसी पर भी सभी की नजरें होंगी। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम के एलान की अंतिम तारीख 12 जनवरी है। वहीं, इसमें फेरबदल करने की अनुमति 13 फरवरी तक होगी।
Yuvraj on Rohit-Virat: युवराज ने किया रोहित-विराट का समर्थन, बोले- घर पर कीवियों से हार BGT में शिकस्त से बड़ी
बुमराह को मिल सकती है उपकप्तानी
भारत का शेड्यूल
- फोटो : X
पिछले कुछ समय में भारतीय क्रिकेट में काफी कुछ घटा है। श्रीलंका के खिलाफ पिछले साल हार्दिक को वनडे में उपकप्तानी से हटा दिया गया था और शुभमन गिल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, अब मीडिया रिपोर्ट्स में एक और बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, न तो हार्दिक और न ही गिल को उपकप्तानी सौंपी जाएगी। जसप्रीत बुमराह अगर फिट हुए तो उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। चैंपियंस ट्रॉफी के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भी टीम का एलान होगा और दोनों ही टीमों में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इंग्लैंड की सीरीज चैंपियंस ट्रॉफी से पहले खिलाड़ियों के परीक्षण के लिए उपयोगी साबित होगी। इससे तैयारियों का पता चल सकेगा। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज छह फरवरी से शुरू होगी। हालांकि, बुमराह को उपकप्तान बनाए जाने के बावजूद वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के ज्यादा मैचों को मिस कर सकते हैं। वह सिर्फ एक या दो वनडे खेल सकते हैं।
शमी की वापसी पर सभी की नजरें
मोहम्मद शमी
- फोटो : PTI
इसके अलावा सभी की नजरें मोहम्मद शमी की वापसी पर होंगी। शमी ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए अपनी फिटनेस साबित नहीं कर पाने के बाद चयनकर्ता चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उन पर भरोसा जता सकते हैं। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में हार्दिक को मौका नहीं मिला था, लेकिन उनकी इस टूर्नामेंट के लिए टीम में वापसी हो सकती है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान टीम में शामिल रहे शिवम दुबे और रियान पराग को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। वहीं, चार स्पिनर्स का चुना जाना तय माना जा रहा है। इनमें रवींद्र जडेजा के अलावा वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव शामिल हैं। बल्लेबाजों में रोहित के अलावा शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत का चुना जाना तय है। वहीं, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के बीच नंबर चार की लड़ाई होगी। दोनों का स्क्वॉड में होना लगभग तय है।
Ponting On Shami: 'ऑस्ट्रेलिया में वह अंतर पैदा कर सकते थे', रिकी पोंटिंग ने शमी के चोट प्रबंधन पर उठाए सवाल
हार्दिक पांड्या
- फोटो : BCCI
ऑलराउंडर्स में हार्दिक के बैकअप के तौर पर नीतीश रेड्डी चुने जा सकते हैं। वहीं, सुंदर, जडेजा और अक्षर स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर्स हो सकते हैं। भारत के मैच दुबई में होने हैं, ऐसे में स्पिनर्स की भूमिका अहम होगी। तेज गेंदबाजों में बुमराह (फिटनेस को देखते हुए) और शमी के अलावा अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज चुने जा सकते हैं। यह देखने वाली बात होगी कि यशस्वी जायसवाल को अब भी वनडे में मौका मिलता है या नहीं, या फिर चयनकर्ता शुभमन और रोहित की ओपनिंग जोड़ी के साथ टूर्नामेंट खेलना चाहेंगे। यशस्वी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। विकेटकीपर के तौर पर पंत को तरजीह दी जा सकती है और राहुल बैकअप होंगे। संजू सैमसन का वनडे में चुना जाना फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है। चयनकर्ताओं को 15 खिलाड़ियों का चयन करना है और कुछ खिलाड़ी बैकअप के तौर पर रह सकते हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का कार्यक्रम
| मैच |
तारीख |
स्थान |
| पहला वनडे |
6 फरवरी (गुरुवार) |
नागपुर |
| दूसरा वनडे |
9 फरवरी (रविवार) |
कटक |
| तीसरा वनडे |
12 फरवरी (बुधवार) |
अहमदाबाद |
बुमराह-गंभीर-रोहित
- फोटो : ICC
चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत का संभावित स्क्वॉड:
रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान/चोट पर निर्भर), शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
बैकअप: नीतीश रेड्डी, यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे/रियान पराग, हर्षित राणा