न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भु्नेश्वर और हार्दिक भारतीय टीम से बाहर रह सकते हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
टी-20 वर्ल्डकप 2021 में भारत का दूसरा मैच रविवार को न्यूजीलैंड के साथ है। इस मैच में टीम इंडिया के लिए जीत जरूरी है। भारत अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ हार चुका है और अब एक और हार भारतीय टीम को सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर सकती है। इसलिए न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को हर हाल में जीतना जरूरी है। पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पांड्या और भुवनेश्लर कुमार सहित कई खिलाड़ी फेल रहे थे। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को अपनी टीम में कुछ बदलाव करने होंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत सिर्फ पांच गेंदबाजों के साथ उतरा था। इस वजह से शमी और भुवनेश्वर के रन खाने पर भी विराट के पास गेंदबाजी का कोई अन्य विकल्प नहीं था। इस मैच में भारत को कम से कम छह गेंदबाजों के साथ उतरना होगा। ऐसे में किसी एक गेंदबाज का दिन खराब होने पर बाकी उसके ओवर दूसरे गेंदबाज से कराए जा सकेंगे।
हार्दिक की जगह शार्दुल को मिले मौका
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने हार्दिक को बतौर फिनिशर भारतीय टीम में शामिल किया है, लेकिन हार्दिक पिछले एक महीने में न तो मुंबई के लिए और न ही भारत के लिए कोई मैच फिनिश कर पाए हैं। गेंद उनके बल्ले के बीचो बीच नहीं लग रही है और उनकी टाइमिंग भी ठीक नहीं है। साथ ही हार्दिक गेंदबाजी भी नहीं कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले उन्होंने नेट्स में प्रैक्टिस जरूरी शुरू कर दी है, लेकिन उन्हें अपनी पकड़ने में समय लगेगा। इस वजह से उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है, जो इस आईपीएल में अच्छी लय में थे और चेन्नई को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
भुवनेश्वर की जगह राहुल या अश्विन को टीम में करें शामिल
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस साल अपनी लय में नहीं हैं। आईपीएल में भी उन्होंने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है और चोट से वापसी के बाद उनकी रफ्तार भी काफी कम हुई है। इसी वजह से उनकी धीमी गेंदें भी उतनी प्रभावी नहीं रही हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने जमकर रन लुटाए थे। वहीं यूएई की पिचों में स्पिन गेंदबाज काफी सफल रहे हैं। ऐसे में भारत राहुल चाहर या अश्विन को भारतीय टीम में शामिल कर सकता है। हालांकि भारत के बाद में गेंदबाजी करने पर ओस इन गेंदबाजों को परेशान कर सकती है। इसलिए कप्तान कोहली को टॉस के समय इन बातों का ध्यान रखना होगा।
राहुल चाहर हो सकते हैं ट्रंप कार्ड
इस वर्ल्डकप में लेग स्पिन गेंदबाजों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के मैच में भी दोनों टीमों के लेग स्पिनर काफी प्रभावी रहे थे। इस वजह से भारत को भी राहुल चाहर को अपनी टीम में जगह देनी चाहिए। दुबई की धीमी पिचों में चाहर तेज गति से गेंद को टर्न करा सकते हैं। आईपीएल में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाड़ी स्पिन के खिलाफ इतने सहज नहीं हैं और राहुल अपनी गुगली के जरिए कई विकेट निकाल सकते हैं।