पाकिस्तान ने भारत को लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में 180 रन से करारी शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने फखर जमान के शानदार शतक (114) की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 338 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया 30.3 ओवर में महज 158 रन पर ढेर हो गई और उसे 180 रन से हार का सामना करना पड़ा।
इस हार के साथ ही टीम इंडिया के नाम किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम ही दर्ज था। टीम इंडिया को साल 2003 के विश्वकप के फाइनल में भारत को 125 रन से हार मिली थी। उस मैच में भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कप्तान रिकी पॉन्टिंग के शानदार शतक (140) की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 359 रन बनाए थे। 360 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 39.2 ओवर में केवल 234 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके साथ ही भारत का 125 रन के अंतर से विश्वकप जीतने का सपना टूट गया।