भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं। सूर्यकुमार का कहना है कि वरुण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद से अलग खिलाड़ी के रूप में दिखे हैं। भारतीय टी20 कप्तान का मानना है कि वरुण वापसी के बाद मानसिक रूप से मजबूत हो गए हैं और चेहरे पर मुस्कान के साथ खेलते हैं।
वरुण ने किया है प्रभावित
वरुण को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप चरण के अंतिम मैच में हर्षित राणा की जगह खेलने का मौका मिला था। वरुण ने उस मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और पांच विकेट लेने में सफल रहे थे। यह किसी भारतीय गेंदबाज का चैंपियंस ट्रॉफी के डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वरुण को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भी खेलने का मौका मिला और उन्होंने दो विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की। वरुण ने ट्रेविस हेड को आउट किया जो भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे।
सूर्यकुमार ने कहा, वरुण 2021 में जिस तरह से टीम से बाहर हुआ और फिर उसने जिस तरह से वह वापसी की है उसमें दो अलग-अलग वरुण चक्रवर्ती की झलक दिखती है। वह मानसिक तौर पर थोड़ा मजबूत हुआ है। उसके चेहरे पर मुस्कान रहती है और मैदान पर जो भी परिस्थिति हो वह उसे सहजता से लेता है। किसी क्रिकेटर के नजरिए से बहुत अच्छी बात है।
शुरुआती दो मैच में नहीं मिला मौका
वरुण चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों में प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका चयन मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। सूर्यकुमार ने कहा, मैं उनके लिए वाकई बहुत खुश हूं। वह जो कुछ भी कर रहे हैं और जो कुछ भी उनके साथ हो रहा है वह उस हर चीज के हकदार है। वह 2021 से वास्तव में कड़ी मेहनत करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी के बाद से मैंने उनसे कई बार बात की है।
सूर्यकुमार ने कहा कि मुंबई इंडियंस को आईपीएल में नेतृत्व संबंधी किसी भी दुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि उनकी टीम में सभी मौजूदा भारतीय कप्तान हैं। उन्होंने कहा, जब हम वहां जाते है तो यह एक परिवार की तरह है, इसलिए हम इस बारे में नहीं सोचते कि हमारे पास तीन कप्तान हैं या हमारे पास चार कप्तान हैं। हम सोचते हैं कि हम एक टीम हैं।