सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात
- फोटो : Suryakumar Yadav X
भारत के टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। अमित शाह के साथ इस मुलाकात के बारे में सूर्यकुमार ने कहा कि यह उन दुर्लभ मुलाकातों में से एक है जो उन सीमाओं को आगे बढ़ाती हैं जिनके वजूद का कभी पता ही नहीं था। सूर्यकुमार ने इससे कुछ दिन पहले परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
एक्स पर शेयर किया पोस्ट
एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार ने लिखा, अपने परिवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मिलकर बहुत खुशी हुई। यह उन दुर्लभ मुलाकातों में से एक है जो उन सीमाओं को आगे बढ़ाती हैं जिनके वजूद का कभी पता ही नहीं था। उनके दृष्टिकोण की दूरदर्शिता से वास्तव में बहुत प्रेरणा मिली, जो राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर खेल और अध्यात्म तक के असाधारण विषयों पर आधारित है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलेंगे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसकी शुरुआत 14 नवंबर से हो रही है। इस टूर्नामेंट में शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, शिवम दुबे और तुषार देशपांडे जैसे भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी एक्शन में नजर आएंगे। अंगुली की चोट के कारण रणजी ट्रॉफी का पहला चरण न खेल पाने वाले शार्दुल इस टूर्नामेंट के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
मुंबई ने इस सीजन में कप्तानी बांटने का फैसला किया है, जबकि पिछले साल शार्दुल ने सभी फॉर्मेट में टीम की कप्तानी की थी। अनुभवी बल्लेबाज सिद्धेश लाड को रणजी ट्रॉफी के लिए कप्तान बनाया गया है और वह एक बल्लेबाज व कप्तान के रूप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को लगातार चार जीत दिला चुके हैं। वहीं, रेड-बॉल टीम में जगह न पाने वाले सूर्यकुमार को टी20 की कप्तानी सौंपी गई है।
36 वर्षीय सूर्यकुमार, जिन्हें टी20 विश्व कप की जीत के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया गया था, वह टी20 विश्व कप और आईपीएल में अपने खराब प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में वापसी करने के लिए पूरी तरह से कोशिश करेंगे। टी20 विश्व कप के नौ मैचों में उन्होंने 30.25 की औसत और 136.72 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए, जिसमें अमेरिका के खिलाफ खेली गई उनकी 84 रनों की पारी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस के लिए 13 मैचों में केवल 270 रन ही बना सके, जिसमें उनका औसत 20.76 का रहा और उन्होंने दो अर्धशतक लगाए।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई की टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अथर्व अंकोलेकर, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, दिव्यांश सक्सेना, मैक्सवेल स्वामीनाथन, सुवेद पारकर, मुशीर खान, शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान, मोहित अवस्थी, साईराज पाटिल, सिल्वेस्टर डिसूजा, शिवम दुबे और हार्दिक तामोरे।