भारतीय महिला टीम की बल्लेबाज प्रतिका रावल महिला वनडे क्रिकेट में इतिहास रचने के करीब हैं। प्रतिका के पास महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से 500 रन पूरा करने का मौका होगा। फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड की पूर्व बल्लेबाज चार्लोट एडवर्ड्स के नाम है जिन्होंने नौ पारियों में वनडे में 500 रन पूरे किए थे। भारतीय टीम का सामना मंगलवार को त्रिकोणीय सीरीज के अपने दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका से होना है।
भारतीयों में मिताली के नाम रिकॉर्ड
एडवर्ड्स के अलावा निकोल बोल्टोन ने 11 पारियों में वनडे में 500 रन बनाए हैं, जबकि इसके बाद बेलिंडा क्लार्क (12) और वेंडी वॉटसन (12) का नंबर आता है। भारतीयों में सबसे तेज 500 वनडे रन पूरे करने का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम है जिन्होंने 13 पारियों में ऐसा किया था। प्रतिका महिला और पुरुष मिलाकर वनडे में सबसे तेजी से 500 वनडे रन पूरी करने वाली दूसरी बल्लेबाज बन सकती हैं।
अच्छी फॉर्म में चल रही हैं प्रतिका
दक्षिण अफ्रीका के जानेमान मलान के नाम वनडे में सबसे तेज 500 रन पूरे करने का रिकॉर्ड है। मलान ने सिर्फ सात पारियों में ऐसा किया था। प्रतिका सबसे तेजी से ऐसा करने वाली भारतीय खिलाड़ी बन सकती हैं और शुभमन गिल को पीछे छोड़ सकती हैं। गिल ने अक्तूबर 2022 में 10वीं पारी में वनडे में 500 रन पूरे किए थे। प्रतिका ने सात पारियों में 82.33 के औसत से 494 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर जनवरी 2025 में राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ बनाए 154 रन है। प्रतिका पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रही थीं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 62 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए थे। भारत ने इस मैच में श्रीलंका को नौ विकेट से हराया था। प्रतिका ने इस मैच में स्मृति मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की थी।