गत चैंपियन भारतीय टीम अमेरिका के खिलाफ शनिवार को टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इस मैच से पहले ही भारत के लिए चिंता की खबर सामने आई है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले मैच से बाहर रह सकते हैं। दरअसल, बताया जा रहा है कि बुमराह की तबीयत कुछ ठीक नहीं है और उन्होंने शुक्रवार की शाम ट्रेनिंग सत्र में भी हिस्सा नहीं लिया था।
बुमराह को लेकर जोखिम नहीं लेना चाहता टीम प्रबंधन
भारतीय टीम अमेरिका के खिलाफ काफी मजबूत है और माना जा रहा है कि यह मैच एकतरफा होगा। ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन बुमराह को लेकर कोई जोखिम लेना नहीं चाहता है। बुमराह ने शुक्रवार को नेट अभ्यास नहीं किया जिससे अटकलें लगाई जा रही है कि उन्हें एहतियात के तौर पर आराम दिया जा सकता है। उन्हें हल्का बुखार हो गया है। वह समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं तो मोहम्मद सिराज उनकी जगह लेंगे। सिराज को चोटिल हर्षित राणा की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
हार्दिक कर सकते हैं गेंदबाजी की शुरुआत
बुमराह अगर इस मैच में नहीं खेले तो उनकी अनुपस्थिति में हार्दिक पांड्या नई गेंद से शुरुआत कर सकते हैं, जबकि सिराज दूसरे छोर से जिम्मा संभाल सकते हैं। भारत का ग्रुप चरण में अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया से होगा, जबकि 15 फरवरी को उसे पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड से खेलना है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है चूंकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ खेलने से इनकार किया है।
भारत का टी20 विश्व कप में कार्यक्रम व्यस्त है और जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा भारत को कठिन प्रतिद्वंद्वियों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए अपेक्षाकृत कम अनुभवी टीम के खिलाफ बुमराह को आराम देना सबसे समझदारी भरा विकल्प प्रतीत होता है। टीम प्रबंधन का मानना है कि टूर्नामेंट के अंतिम चरण के लिए बुमराह को फिट रखना सर्वोपरि है।