गोंगाड़ी त्रीसा के नाबाद शतक और आयुषी शुक्ला की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने सुपर सिक्स ग्रुप-1 के मुकाबले में स्कॉटलैंड को 150 रनों से हराया। त्रीसा ने 59 गेंदों पर 13 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन बनाए जिससे भारत ने 20 ओवर में एक विकेट पर 208 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में स्कॉटलैंड की पूरी टीम 14 ओवर में 58 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
स्कॉटलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज पिप्पा केली (12) और एम्मा वालसिंघम (12) शीर्ष स्कोरर रहीं। बाएं हाथ की स्पिनर आयुषी शुक्ला (आठ रन पर चार विकेट) की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने स्कॉटलैंड को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। वैष्णवी शर्मा ने पांच रन पर तीन विकेट लिए, जबकि बल्ले से कमाल करने वाली त्रीसा ने छह रन देकर तीन बल्लेबाजों को चलता किया।
त्रीसा ने रचा इतिहास
इससे पहले, त्रीसा ने इतिहास रचते हुए महिला अंडर-19 विश्व कप का पहला शतक जड़ा। अब तक दुनिया का कोई बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में शतक नहीं जड़ सका था, लेकिन भारतीय बल्लेबाज ने यह उपलब्धि अपने नाम दर्ज की। त्रीसा ने 53 गेंदों पर शतक लगाया। उन्होंने भारतीय पारी के 18वें ओवर में यह उपलब्धि अपने नाम की। इसके साथ ही त्रीसा टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने इंग्लैंड की ग्रेस स्क्राइवेंस को पीछा छोड़ा जिन्होंने जनवरी 2023 में आयरलैंड के खिलाफ 93 रन बनाए थे।
त्रीसा ने पहले विकेट के लिए कमालिनि जी (42 गेंद में 51 रन) के साथ 147 रन की साझेदारी करने के बाद सानिका चालके (20 गेंद में नाबाद 29 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की अटूट साझेदारी की। भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस मैच में शानदार रहा। वहीं, त्रीसा इस पारी के दम पर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराने में सफल रहीं।