जयशंकर ने तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- क्रिकेट भारत और ऑस्ट्रेलिया को जोड़ने वाले कई बंधनों में से एक है। मैंने लीजेंड स्टीव वॉ से मिलने के लिए समय निकाला और सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में उनसे मुलाकात की। मैंने क्रिकेट और अन्य विषयों पर भारत के लिए उनकी हार्दिक भावनाओं की सराहना की। विशेष रूप से सचिन तेंदुलकर के साथ उनके अनुभवों का भी आनंद दिया।
जयशंकर वॉ को सचिन का पोर्ट्रेट गिफ्ट करते हुए
- फोटो : सोशल मीडिया
सोमवार को जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस से भी मुलाकात की थी और उन्हें विराट कोहली का साइन किया हुआ बल्ला गिफ्ट किया था। रिचर्ड ने इसकी तस्वीर भी ट्विटर पर शेयर की थी और कैप्शन में लिखा था- कैनबरा में जयशंकर की मेजबानी करके खुशी हुई। भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों को कई चीजें बांधती हैं, जिसमें क्रिकेट के प्रति हमारा प्यार भी शामिल है। आज उन्होंने मुझे दिग्गज विराट कोहली द्वारा साइन किया गया बल्ला गिफ्ट के तौर पर देकर चौंका दिया।
जयशंकर इस दौरे पर क्रिकेट को लेकर काफी बयान दे चुके हैं। उन्होंने हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की सराहना करते हुए कहा था कि देश में खेल के विकास में योगदान के लिए भारत हमेशा पूर्व कोच जॉन राइट और स्टीफन फ्लेमिंग का आभारी रहेगा। राइट ने 2000 से 2005 तक भारतीय क्रिकेट टीम को कोचिंग दी और देश के पहले विदेशी कोच बने। वहीं, फ्लेमिंग आईपीएल के सबसे सफल कोच में से एक हैं।
जयशंकर ने कहा- हमारे पास क्रिकेट में भी सहयोग का अच्छा उदाहरण है। भारत में कोई भी जॉन राइट को कभी नहीं भूलेगा या आईपीएल देखने वाला कोई भी व्यक्ति स्टीफन फ्लेमिंग को हमेशा याद करेगा। क्रिकेट के साथ-साथ हम हमेशा अपनी शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हैं, भले ही हम अपनी टीम को जिताना चाहते हों। इसी महीने से ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप की भी शुरुआत हो रही है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए पर्थ में है।