इंग्लैंड के एक क्रिकेट लेखक ने दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच गत वर्ष मोहाली में खेला गया वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच फिक्स था और इस बात की जानकारी उसे एक सट्टेबाज से मिली थी। इंग्लैंड के लेखक और क्रिकेट सट्टेबाजी की गुप्त सूचना देने वाले एड हाकिंस ने अपनी किताब ‘बुकी गेम्बलर फिक्सर स्पाई : ए जर्नी टू द हार्ट आफ क्रिकेट्स अंडरवर्ल्ड’ में यह सनसनीखेज खुलासा किया है।
हाकिंस ने कहा, ‘मैंने यह मैच अपने एक दोस्त के साथ मिलकर देखा और मुझे बड़ी हैरानी हुई कि जो कुछ बताया गया था वही परिणाम निकला। भारत ने यह मैच जीता था।’ इंग्लिश लेखक ने कहा कि अपनी पड़ताल के दौरान उन्हें 45 पूर्व और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय एवं घरेलू क्रिकेटरों के नाम मिले जो कथित रूप से भ्रष्ट गतिविधियों में लिप्त बताए जाते हैं।
किताब में इनमें से किसी का नाम नहीं दिया गया है। इंग्लिश लेखक ने साथ ही यह भी कहा कि भारत में प्रसारित किए जा रहे इंग्लिश काउंटी वन-डे मैचों पर अब सटोरियों और फिक्सरों की नजर लगी हुई है। उन्होंने भारत में अवैध सट्टेबाजी अंडरवर्ल्ड की पड़ताल कर अपनी किताब में कई खुलासे किए हैं।