टीम इंडिया ने बुधवार को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में अपने अनुभवी तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को जीत के साथ विदाई दी। मेजबान टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में कीवी टीम को 53 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
विज्ञापन
सीरीज का दूसरा मैच शनिवार को राजकोट में खेला जाएगा। यह टीम इंडिया की न्यूजीलैंड पर टी20 इंटरनेशनल मैच में पहली जीत भी रही। इससे पहले दोनों देशों के बीच 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए थे, जिसमें कीवी टीम ने हर बार बाजी मारी थी।
ये भी पढ़ें: नेहरा ने जिसे दिया इनाम, उसकी कप्तानी में खेला अंतिम मैच
बहरहाल, न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने दर्शकों से खचाखच भरे फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने रोहित शर्मा (80) और मैन ऑफ द मैच शिखर धवन (80) की उम्दा पारियों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 202 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली ने 26* रन की तेजतर्रार पारी खेली। जवाब में कीवी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रन बना सकी। हालांकि, आशीष नेहरा अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में कोई विकेट नहीं ले सके और चार ओवर में 29 रन दिए।
विज्ञापन
नेहरा ने की शानदार शुरुआत, कीवी पारी मैच से पूरे समय रही बाहर
टॉम लैथम
- फोटो : bcci
टीम इंडिया द्वारा मिले विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मार्टिन गप्टिल (4) को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराया। पांड्या ने लांगऑफ पर सुपरमैन के समान शानदार कैच लपका। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने ओपनर कॉलिन मुनरो (7) को क्लीन बोल्ड करके मेहमान टीम को दूसरा झटका दिया।
इसके बाद कप्तान केन विलियमसन (28) और टॉम लैथम ने तीसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की। फिर हार्दिक पांड्या ने विलियमसन को धोनी के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अक्षर पटेल ने टॉम ब्रूस (10) को डीप मिडविकेट पर रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया। दो गेंद के बाद ही अक्षर ने कॉलिन डी ग्रैंडहोम को शिखर धवन के हाथों कैच आउट कराया।
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नेहरा का ऐसे किया सम्मान, किया बीते पलों को याद
फिर बुमराह की गेंद पर कप्तान विराट कोहली ने सटीक थ्रो जमाकर हेनरी निकोलस (6) को रनआउट किया। अगले ही ओवर में युजवेंद्र चहल ने टॉम लैथम (39) को स्टंपिंग कराया। जल्द ही जसप्रीत बुमराह ने टिम साउदी (8) को विकेटकीपर धोनी के हाथों झिलवाया। टीम इंडिया की ओर से अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए. भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को एक-एक विकेट मिला।
रोहित-धवन का धमाका
रोहित शर्मा
- फोटो : twitter
इससे पहले रोहित शर्मा (80) और शिखर धवन (80) की दमदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 202 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली 26* और एमएस धोनी 7* रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली ने सिर्फ 11 गेंदों में तीन छक्को की मदद से 26 रन बनाए।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत की। शिखर धवन (80) और रोहित शर्मा ने 16 ओवर में 158 रन की साझेदारी की। मेजबान टीम की हालांकि, शुरुआत धीमी रही थी क्योंकि उसके ओपनर्स ने 10 ओवर में 80 रन ही जोड़े थे।
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने बनाया टी-20 में छक्कों का नया रिकॉर्ड, रैना को पीछे छोड़ा
इस दौरान धवन ने मिचेल सेंटनर द्वारा किए पारी के 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में शॉट खेलकर एक रन लिया और अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 37 गेंदों में 7 चौको की मदद से पचासा जड़ा। न्यूजीलैंड के खिलाफ धवन ने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहली फिफ्टी जमाई।
फिर इश सोढ़ी ने पारी के 17वें ओवर में शिखर धवन को स्टंपिंग कराकर टीम इंडिया को पहला झटका दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 52 गेंदों में 10 चौको और दो छक्को की मदद से 80 रन बनाए। दो गेंद के बाद सोढ़ी ने हार्दिक पांड्या को विकेटकीपर लैथम के हाथों कैच आउट कराया। पांड्या खाता भी नहीं खोल सके।
वहीं रोहित शर्मा ने मिचेल सेंटनर द्वारा किए पारी के 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का जमाकर अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 12वां अर्धशतक जमाया। उन्होंने 42 गेंदों में दो चौको और तीन छक्को की मदद से पचासा पूरा किया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित ने दूसरा अर्धशतक जमाया। रोहित ने 55 गेंदों में 6 चौको और चार छक्को की मदद से 80 रन बनाए। उन्हें बोल्ट ने विकेटकीपर टॉम लैथम के हाथों कैच आउट कराया। न्यूजीलैंड ने इसके लिए रिव्यु लिया, अंपायर ने लंबे विचार-विमर्श के बाद रोहित को आउट दिया।
ये भी पढ़ें: कोहली के रेस्टोरेंट में टीम इंडिया ने किया डिनर, साथियों ने कहा शुक्रिया
कोहली ने सिर्फ 11 गेंदों में तीन छक्को की मदद से 26 रन बनाए। धोनी ने तो पहली ही गेंद पर छक्का जमाकर दर्शकों को जोश से भर दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से इश सोढ़ी ने दो और ट्रेंट बोल्ट को एक विकेट मिला।