पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनुस ने कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ चल रही घरेलू सीरीज में भारतीय टीम की जो स्थिति है उसे देखते हुए तो मास्टर ब्लास्टर और टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की सबसे अधिक जरूरत है। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया की स्थिति को देखते हुए लगता है कि सचिन की टीम में इस समय काफी जरूरत है।'
इस बीच पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी वसीम अकरम ने भी टीम में सचिन की जरूरत पर जोर दिया। वसीम ने कहा कि सचिन एक महान खिलाड़ी हैं। उन्होंने क्रिकेट को अपने 23 वर्ष दिए हैं और उम्मीद है कि वह अभी छह से आठ महीने या एक वर्ष और अच्छे से खेल सकते हैं।
वसीम ने एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में कहा, 'मैंने सुना है कि कुछ लोगों का कहना है कि सचिन की नजर 200 टेस्ट मैच खेलने पर लगी हुई है। लेकिन सच तो यह है कि वह पहले ही कई सारे रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं और अब उनके 200 या 250 टेस्ट खेलने से कोई र्फ्क नहीं पड़ने वाला है।'
वसीम ने कहा कि सचिन आगे कितना और खेलना चाहते हैं यह उनपर निर्भर करता है। लेकिन उनपर उम्र का कोई फर्क दिखाई नहीं देता है। मेरा मानना तो है कि सचिन की आलोचना करने से उनके प्रदर्शन में और सुधार हुआ है।