भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने लगातार फ्लॉप चल रहे वीरेंद्र सहवाग का विकल्प चुनने की सलाह दी है। द्रविड़ ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी सीरीज के बाकी बचे दोनों मैचों में सहवाग की जगह किसी युवा ओपनर को आजमाया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए सात मार्च को भारतीय टीम का चयन होना है।
द. अफ्रीका दौरे के लिए तैयार करें ओपनर
द्रविड ने कहा कि इस सीरीज के बाद भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगी। इससे पहले भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को सलामी बल्लेबाज के तौर पर वीरेंद्र सहवाग का विकल्प तैयार कर लेना चाहिए।
पूर्व कप्तान ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर किसी भी युवा बल्लेबाज को सीधे ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपना सही फैसला नहीं होगा, क्योंकि बिना घरेलू मैदान पर खेले किसी खिलाड़ी को सीधे विदेशी पिचों पर उतारने से उसके फ्लॉप होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
शिखर धवन को दें ओपनिंग का मौका
अगर किसी युवा खिलाड़ी से दक्षिण अफ्रीका में ओपनिंग करवानी है तो उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी बचे दो टेस्ट मैचों में खेलने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने सहवाग की जगह टीम में शामिल शिखर धवन को मौका देने की भी सलाह दी है।
द्रविड़ ने कहा कि अगर सहवाग को टेस्ट टीम में बनाए रखना है तो उन्हें ओपनिंग के बजाय मध्यक्रम में आजमाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो साल से सहवाग खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछले साल दिसंबर में इंग्लैंड के खिलाफ एक शतक के अलावा उन्होंने हाल के दिनों में काफी खराब प्रदर्शन किया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी सीरीज के शुरुआती दोनों मैच में भी सहवाग कुछ खास नहीं कर सके हैं। चेन्नई टेस्ट की दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने 21 रन बनाए। जबकि हैदराबाद टेस्ट की पहली पारी में भी उनके बल्ले से केवल 6 रन बने।